पटना

पटना: चालीस कॉलेजों के लिए छह विवि को मिले 82.73 करोड़


संबद्ध डिग्री कॉलेजों का होगा अपना वेबसाइट

      • अपलोड होगी शिक्षक-कर्मचारियों को भुगतान की जाने वाली राशि
      • आंतरिक स्त्रोत का 70 फीसदी हिस्सा मिला कर होगा भुगतान

(आज शिक्षा प्रतिनिधि)

पटना। राज्य के 40 संबद्ध डिग्री कॉलेजों के लिए 82 करोड़ 73 लाख 31 हजार रुपये की राशि छह विश्वविद्यालयों को जारी की गयी है। छात्र-छात्राओं के स्नातक परीक्षा के श्रेणीवार रिजल्ट के आधार पर संबंधित 40 संबद्ध डिग्री कॉलेजों को यह राशि संबंधित विश्वविद्यालय के माध्यम से मिलेगी। इसमें कॉलेजों के आंतरिक स्त्रोत से प्राप्त आय का 70 फीसदी हिस्सा मिला कर  विधिवत रूप से नियुक्त शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों को भुगतान मिलेगा। यह राशि शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों के आधार से लिंक बैंक खाते में जायेगी। हर कॉलेज अपना वेबसाइट बनायेंगे। उस पर शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों को की गयी भुगतान की विवरणी अपलोड करेंगे।

छह विश्वविद्यालयों को जारी हुई 82 करोड़ 73 लाख 31 हजार रुपये की राशि में से मगध विश्वविद्यालय को 38 करोड़ 74 लाख 44 हजार, वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय को 13 करोड़ 52 लाख 77 हजार 200, बी. आर. ए. बिहार विश्वविद्यालय को 15 करोड़ 64 लाख 92 हजार, ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय को नौ करोड़, बी. एन. मंडल विश्वविद्यालय को पांच करोड़ 70 लाख 78 हजार 300 एवं कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय को 10 लाख 39 हजार 500 रुपये मिले हैं।

इसमें से मगध विश्वविद्यालय के 18 संबद्ध डिग्री कॉलेजों के शैक्षिक सत्र 2009-12 के 17 करोड़ 68 लाख 84 हजार 800 एवं शैक्षिक सत्र 2010-13 के लिए 21 करोड़ पांच लाख 59 हजार 200 रुपये हैं। वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के पांच संबद्ध डिग्री कॉलेजों के शैक्षिक सत्र 2009-12 के पांच करोड़ 60 लाख 73 हजार 600 एवं छह संबद्ध डिग्री कॉलेजों के शैक्षिक सत्र 2010-13 के सात करोड़ 92 लाख तीन हजार 600 रुपये हैं। बी.आर.ए. बिहार विश्वविद्यालय के छह संबद्ध डिग्री कॉलेजों के शैक्षिक सत्र 2009-12 के सात करोड़ 28 लाख 99 हजार 700 एवं शैक्षिक सत्र 2010-13 के आठ करोड़ 35 लाख 92 हजार 300 रुपये हैं। ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के तीन संबद्ध डिग्री कॉलेजों के शैक्षिक सत्र 2009-12 के चार करोड़ 50 लाख एवं शैक्षिक सत्र 2010-13 के भी चार करोड़ 50 लाख रुपये हैं। बी. एन. मंडल विश्वविद्यालय के छह संबद्ध डिग्री कॉलेजों के शैक्षिक सत्र 2009-12 के एक करोड़ 92 लाख सात हजार 800 एवं शैक्षिक सत्र 2010-13 के तीन करोड़ 78 लाख 70 हजार 500 रुपये हैं।  इसी प्रकार कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के एक संबद्ध डिग्री कॉलेज के शैक्षिक सत्र 2008-11 के 10 लाख 39 हजार 500 रुपये हैं।

विश्वविद्यालयों को यह सुनिश्चित करना है कि जिन शैक्षिक सत्रों के लिए अनुदान राशि विमुक्त की जा रही है, कॉलेज का संबंधन उन शैक्षिक सत्रों व विषयों के लिए राज्य सरकार से प्राप्त हो। संबद्धता प्राप्त अवधि व संबद्धता प्राप्त विषय की सत्रवार जांच विश्वविद्यालय द्वारा किये जाने एवं संतुष्ट होने के उपरांत ही राशि विमुक्त की जायेगी। विश्वविद्यालय को यह भी देखना है कि सभी संबद्ध डिग्री कॉलेजों में शासी निकाय गठित हो। इसमें किसी प्रकार का विवाद हो, तो उसका निराकरण भी विश्वविद्यालय को ही करना है। विशेष परिस्थिति में कॉलेज में तदर्थ समिति गठित करने की शक्ति भी विश्वविद्यालय को है। विधिवत गठित शासी निकाय के माध्यम से ही राशि वितरित होगी।