पटना

बदलते बिहार के माहौल को रखना है बरकरार : नीतीश


पहले शाम होते ही दुबक जाते थे लोग घरों में

      • जनसंवाद कार्यक्रम के तहत नूरसराय बेन और छबिलापुर में कार्यकर्ताओं से मिले सीएम

बिहारशरीफ (आससे)। आपलोगों का प्यार कभी नहीं भूल सकता। कोविड के कारण पिछले दो वर्षों से आपलोगों के साथ मुलाकात नहीं हो रही थी और आपकी याद मुझे लगातार सता रही थी। ऐसे में मैंने सोचा कि मैं हीं आपसे जाकर मिलूं और इसी के तहत यह जनसंवाद यात्रा शुरू किया हूं और अपने पुराने क्षेत्र में जाकर अपने दल के सहयोगियों और पुराने साथियों से मुलाकात कर उनकी समस्या और कुशलक्षेम पूछ रहा हूं। यह कहना था बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज नालंदा जिले के नालंदा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नूरसराय, बेन और बिहारशरीफ प्रखंड के छबिलापुर में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिये। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपलोगों का आशीर्वाद और प्यार का ही नतीजा है कि मैं आज इस मुकाम पर पहुंचा हूं। आपलोगों ने मुझे जो ताकत दी उसे अलग-अलग पदों पर रहकर आपकी खिदमत करता रहा और आगे भी करता रहूंगा। उन्होंने कहा कि आज मैं जिस पद पर हूं उस पर रहकर आपके हित और विकास के लिए काम करता रहा हूं, सोचत रहा हूं और आगे भी विकास करता रहूंगा।

जनसंवाद यात्र के क्रम में मुख्यमंत्री नूरसराय, बेन तथा छबिलापुर में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं के बीच जाकर उनकी समस्या और शिकायतें सुनी। साथ हीं लोगों की समस्याओं के निदान का भरोसा भी दिलाया। जनता दीर्घा में हरेक लोगों के पास जा-जा कर मुख्यमंत्री मिलते रहे, उनकी समस्याओं को सुनते रहे और उनसे प्राप्त आवेदनों को अपने साथ रहे मुख्यमंत्री सचिवालय के अधिकारियों को सौंपते रहे।

बेन में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को चरखा का प्रतीक चिन्ह भेंट किया। इसी बीच एक कार्यकर्ता ने बेन को अनुमंडल बनाने की मांग की, जिसे खारिज करते हुए सीएम ने कहा कि यह संभव नहीं है। यह भी कहा कि आपके गांव के श्रवण कुमार को ग्रामीण विकास मंत्री बना दिया और क्या चाहते है। इसी प्रकार छबिलापुर में लोगों ने अंचलाधिकारी की शिकायत की। लोगों का आरोप था कि हर चीज में रिश्वत मांगी जाती है, जिसे गंभीरता से लेते हुए सीएम ने डीएम को इसे स्वयं जांच करने का आदेश दिया।

नूरसराय में मुख्यमंत्री ने एक बार फिर लोगों से विनती की कि समाज में प्रेम और भाईचारा का माहौल बनाये रखे। बिहार का विकास हुआ है। लगातार विकास कर रहा है। बिहार का माहौल बदला है इसे बरकरार रखना है। उन्होंने यह भी कहा कि आपलोग वह दिन नहीं भूले होंगे जब शाम होते ही लोग घर में दुबक जाते थे। आज लोग आराम से रात में भी चल रहे है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपलोगों के प्रेम ने ही एमएलसी चुनाव में रीना यादव को फिर से विजयी बनाया है। उन्होंने बिहार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार की प्रशंसा करते हुए कहा कि आपके विधायक आप सबों की समस्या के समाधान के लिए हमेशा मुस्तैद रहते है। नूरसराय में जदयू कार्यकर्ताओं ने उन्हें तीर का प्रतीक चिन्ह भेंट किया।

अलग-अलग कार्यक्रमों में बिहार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, जल संसाधन व सूचना प्रसारण मंत्री संजय झा, सांसद कौशलेंद्र कुमार, विधायक डॉ. जितेंद्र कुमार, विधायक कौशल किशोर, नवनिर्वाचित विधान पार्षद रीना यादव, पूर्व विधायक ई. सुनील कुमार, जिलाध्यक्ष सियाशरण ठाकुर सहित कई अन्य पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित थे। जनसंवाद यात्रा के क्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का अलग-अलग स्थानों पर हजारों की संख्या में लोगों ने फूल-माला पहनाकर स्वागत किया।