स्थल पर ही अधिकारियों की साथ की वार्ता
बिहारशरीफ। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज अचानक हरनौत पहुंच गये। कई सड़क योजनाओं का जायजा लिया। अलग स्थानों पर रूक कर सीएम ने सड़क आदि की समीक्षा भी की। हालांकि आगामी कल यानी बुधवार से दो दिन तक लगातार मुख्यमंत्री नालंदा में है। इस दौरान वे बुधवार को नगरनौसा, चंडी और थरथरी तथा गुरूवार को रहुई और हरनौत में कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे।
मंगलवार को अचानक मुख्यमंत्री एनएच-431 (फतुहा-बाढ़) तथा सरमेरा-बिहटा सहित टूरिस्ट वे ऑफ राजगीर का अवलोकन किया। टूरिस्ट वे ऑफ राजगीर पटना-बख्तियारपुर फोरलेन से करौटा से तेलमर के रास्ते राजगीर को जोड़ रही नई सड़क है। इस सड़क को बनाने का उद्देश्य है कि टूरिस्टों को पटना एयरपोर्ट से राजगीर पहुंचने में कम समय और दूरी तय करना पड़े।
मंगलवार को सीएम अधिकारियों के साथ अलग-अलग स्थानों पर रूककर सड़क का जायजा लिये। इस दौरान वे आम लोगों से कोई मुलाकात और बात नहीं की। हरनौत में बने नये बाइपास को भी देखा। बताया जाता है कि बाढ़-मोकामा इलाके से लौटने के क्रम में सीएम इस सड़क से गुजर रहे थे।
सीएम के अचानक आने की खबर मिलने के बाद जिला प्रशासन हाई अलर्ट पर आ गया। चंडी रोड से उनका काफिला हरनौत बाजार पहुंचा। बाद में वे वापस रेलवे स्टेशन होते हुए पटना के लिए लौट गये। मुख्यमंत्री के अचानक दौरे को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही है।





