पटना

बिहार के मुख्य सचिव अरुण सिंह की कोरोना से मौत, प्रशासनिक महकमे में मचा हड़कंप


पटना बिहार में एक और बड़ी दुखद खबर बिहार के मुख्य सचिव अरुण सिंह नहीं रहे। उन्हें पटना के पारस अस्पताल में ए​डमिट कराया गया था। पारस में ही उन्होंने अंतिम सांस ली है। वे कोरोना पॉजिटिव थे और वे कैंसर से भी पीड़ित थे। उनके निधन से बिहार के प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।

बिहार के मुख्य सचिव अरुण सिंह भारतीय प्रशासनिक सेवा 1985 बैच के अधिकारी थे। वे 27 फरवरी 2021 को बिहार के मुख्य सचिव बने थे। बताया जाता है कि एक पखवारे पहले उनका टेस्ट कराया गया था। बीते 15 अप्रैल को उनकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। इसके बाद उन्हें पटना के पारस अस्पताल में एडमिट कराया गया था। आज शुक्रवार को दोपहर में उन्होंने अंतिम सांस ली।

बता दें कि अरुण सिंह पश्चिम चंपारण जिले के रहने वाले थे। इसी साल 31 अगस्त को सेवानिवृत होने वाले थे। आज कैबिनेट की मीटिंग चल रही थी। इसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मौजूद थे। इसी मीटिंग में उनके निधन की जानकारी दी गई। मीटिंग में मौजूद लोगों ने मुख्य सचिव अरुण सिंह के निधन पर शोक जताया।