पटना

समस्तीपुर: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला कर्मियों को पूर्व मध्य रेलवे ने किया सम्मानित


समस्तीपुर। (आससे) सृजन, संरक्षण श्रृंगार और पालन की देवी, धैर्य, सहनशीलता, व स्नेह की प्रतीक शक्ति स्वरूपा नारी हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है, नए प्रतिमान गढ़ रही है। हमारे मण्डल में कार्यरत महिला कर्मियों ने इसे सिद्ध किया है। उक्त बातें मुख्य कारखाना प्रबंधक वेद प्रकाश ने महिलाओं के सम्मान में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस समारोह के दौरान अपने संबोधन में कही।

उन्होंने कहा कि आदि काल से हमारी संस्कृति में सृजन ही नही सृष्टि के विकास का आधार महिलाएं सर्वमान्य रही है। बताते चलें की पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर मण्डल मुख्यालय स्थित यांत्रिक कारखाना में विश्व महिला दिवस समारोह पूर्वक आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित मुख्य अतिथि वेद प्रकाश मुख्य कारखाना प्रबंधक ने मण्डल में कार्यरत महिला कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए अपने संबोधन से प्रोत्साहित करते हुए कुल 42 महिला कर्मचारियों को पुरस्कृत करने का कार्य किया एवं तीन महिला कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए मुख्यालय स्तर पर पुरस्कृत किए जाने हेतु नामित कर प्रस्ताव भेजा।

आयोजन में उपस्थित अरुण कुमार मंडल एपीओ, राजन कुमार सिन्हा डीएफएम, अमिताभ और अमर सिंह यादव एवं अन्य वक्ताओं ने अपने अभिभाषण द्वारा महिलाओं के कार्यों को प्रोत्साहित किया। वही सामान्य एवम भंडार डिपो में भी अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर कार्यक्रम आयोजित कर महिला कर्मियों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर राजेश कुमार मसीह स.सा प्र, ऐ के राणा, क्षितिज कुमार और दिलीप कुमार मौजूद थे।