Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

असम के सीएम हिमंत सरमा बोले, राजनीति के लायक नहीं हैं राहुल गांधी, गंभीरता का है अभाव


नई दिल्ली, । असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की जमकर आलोचना की है। असम के मुख्यमंत्री ने कहा कि उनमें ‘व्यवस्थित गंभीरता’ का अभाव है। राहुल गांधी जिम्मेदारी के बिना सत्ता हासिल करना चाहते हैं और ‘राजनीति के लिए उपयुक्त’ नहीं हैं। समाचार एजेंसी एएनआइ से बात करते हुए सरमा ने कहा कि वह दो दशकों से अधिक समय तक कांग्रेस में थे। तब उन्होंने पार्टी के नेतृत्व से कहा था कि राहुल गांधी बिना किसी सुधार के पूर्वोत्तर के राज्य असम को खो देंगे।

वहीं, एक बार फिर सरमा ने समाचार एजेंसी एएनआइ से कहा कि पहली बात यह है कि राहुल गांधी राजनीति के लिए फिट नहीं हैं। संभवत: उन्हें जो काम नहीं करना चाहिए, वह कर रहे हैं।

सरमा ने कहा कि राहुल गांधी कभी-कभी बीच-बीच में मीटिंग छोड़कर जॉगिंग जैसे अपने व्यायाम के लिए जा सकते हैं या अचानक कमरे में आधे घंटे के बाद आ सकते हैं। उनमें कोई व्यवस्थित गंभीरता नहीं है।

2019 में अमेठी से हार की ली थी नैतिक जिम्मेदारी

सरमा ने कहा कि राहुल गांधी जो कश्मीर से कन्याकुमारी तक भारत जोड़ो यात्रा पर हैं। 2019 के लोकसभा चुनावों में पार्टी की हार और अमेठी से हार के लिए नैतिक जिम्मेदारी ली थी और अध्यक्ष के रूप में पद छोड़ दिया था, लेकिन पार्टी के महत्वपूर्ण फैसले लेना जारी रखा है।

हिमंत सरमा ने पूछे कई सवाल

असम के मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी ने नैतिक जिम्मेदारी ली थी कि पार्टी मेरे नेतृत्व में लोकसभा चुनाव हार गई, इसलिए मैं अध्यक्ष नहीं बनूंगा। लेकिन आज पार्टी कौन चला रहा है? भारत जोड़ो यात्रा का नेतृत्व कौन कर रहा है? पूरी पार्टी किसके पीछे दौड़ रही है? इसका मतलब है कि आप जवाबदेही के बिना सत्ता का आनंद लेना चाहते हैं। लोकतंत्र में जब कोई संसदीय जवाबदेही के बिना, पार्टी की जवाबदेही के बिना, लोगों की जवाबदेही के बिना सत्ता का आनंद लेना चाहता है, तो यह सबसे खतरनाक बात है।

उन्होंने कहा कि आप कांग्रेस अध्यक्ष नहीं हैं लेकिन आप सभी फैसले लेते हैं। अगर आप कांग्रेस अध्यक्ष नहीं हैं, चुनाव हारने के बाद नैतिक जिम्मेदारी ली है, तो पूरी पार्टी अब आपके पीछे क्यों है।

साथ ही उन्होंने कहा कि सरमा ने कहा कि राहुल गांधी यात्रा पर हैं, लेकिन देश के लिए अपना दृष्टिकोण बताने में विफल रहे हैं।

jagran

गरीबों के साथ डिनर क्यों नहीं करता गांधी परिवार

सरमा ने पूछा कि वे (गांधी परिवार) गरीब लोगों के पास जाते हैं, लेकिन क्या गरीब उनके घर आते हैं? क्या आपने कभी सोनिया गांधी और राहुल गांधी को एक ही डाइनिंग टेबल पर गरीबों के साथ डिनर करते देखा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास एक पारिस्थितिकी तंत्र है जहां केवल गांधी परिवार मायने रखता है।

बता दें कि सरमा 2015 में भाजपा में शामिल हुए थे। तब उन्होंने राहुल गांधी पर एक राजनेता के रूप में गैर गंभीर होने, एक सामंती स्वामी की तरह व्यवहार करने और अहंकारी होने का आरोप लगाया था।