Latest News नयी दिल्ली मध्य प्रदेश राष्ट्रीय

उज्जैन: 12 साल की मासूम के साथ हैवानियत, मां के साथ भी दुष्कर्म की आशंका


उज्जैन, । मध्य प्रदेश के उज्जैन में मां-बेटी के साथ हुए दुष्कर्म मामले की जांच पुलिस ने तेज कर दी है। पुलिस ने 12 वर्षीय पीड़िता को तो ढूंढ लिया है, लेकिन उसकी मां लापता है। पुलिस आरोपियों की धरपकड़ के लिए 400 सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

पुलिस के मुताबिक, बच्ची की मां के साथ भी दुष्कर्म होने की आशंका है, लेकिन वो कहां है इसकी जानकारी नहीं है। बताया जा रहा है कि पीड़िता प्रयागराज के किसी इलाके की रहने वाली है। दोनों के उज्जैन में आने की वजह का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने बताया कि बच्ची हाटकेश्वर विहार कालोनी में लावारिस घूमती रही। वहां से पैदल ही वह बड़नगर रोड पहुंची थी।

खून से सने मिले थे कपड़े

गौरतलब है कि 12 वर्षीय मासूम बड़नगर रोड पर मुरलीपुरा से आगे दांडी आश्रम के समीप मिली थी। मासूम के कपड़े खून से सने थे और वो कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं थी। इलाज के लिए उसे चरक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जांच में पता चला कि उसके साथ दुष्कर्म हुआ है। देर रात हालत खराब होने पर उसे इंदौर रेफर किया गया। पीड़िता की हालत में अब सुधार है।

जांच में जुटी पुलिस

नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद पुलिस इसकी तफ्तीश में जुट गई है। पुलिस की कई टीमें शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। करीब 400 से ज्यादा कैमरों की फुटेज खंगाली जा चुकी है।

मानसिक रूप से बीमार पीड़िता

बताया जा रहा है कि पीड़िता मानसिक रूप से बीमार भी है। चिंतामन बाईपास पर बनी हाटेश्वर विहार कालोनी सहित आसपास की कालोनियों के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे हैं। सीसीटीवी फुटेज में पीड़िता अर्धनग्न अवस्था में खून से सनी करीब ढाई घंटे तक घूमती हुई नजर आ रही है। लोगों ने डायल 100 पर सूचना दी थी। इसके बाद मामला सामने आया था।