Latest News अन्तर्राष्ट्रीय

एलन मस्क और वेनेजुएला के राष्ट्रपति मादुरो के बीच फिर हुई बहस


नई दिल्ली। वेनेजुएला में फिर से निकोलस मादुरो की सत्ता में वापसी हुई है। रविवार को हुए राष्ट्रपति चुनाव में निकोलस मादुरो को विजेता घोषित किया गया। लेकिन राष्ट्रपति चुनाव को लेकर आए नतीजों को लेकर अभी भी विवाद जारी है।

इस बीच अब मादुरो ने टेस्ला के सीईओ एलन मस्क को नेशनल टेलीविजन पर आकर सामने से लड़ने की चुनौती दी है। मस्क ने इस चुनौती को स्वीकार भी कर लिया है।

मस्क ने वेनेजुएला के चुनाव परिणामों को लेकर एक के बाद एक कई पोस्ट किए हैं। उन्होंने मादुरो को तानाशाह बुलाते हुए शर्म आने की बात कही। एलन मस्क के चुनौती स्वीकार किए जाने पर सोशल मीडिया यूजर जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला?

क्यों हो रहा है चुनाव नतीजों पर विवाद?

राष्ट्रीय चुनाव परिषद के प्रमुख एल्विस एमोरोसो ने बताया था कि मादुरो को 51 प्रतिशत वोट मिले हैं, जबकि विपक्षी उम्मीदवार एडमुंडो गोंजालेज के खाते में 44 फीसदी वोट गए हैं।

उन्होंने कहा कि यह नतीजे 80 प्रतिशत मतदान केंद्रों पर पड़े वोट पर आधारित हैं। चुनाव प्राधिकरण ने अभी तक मादुरो के वफादारों के कंट्रोल वाले 30,000 मतदान केंद्रों के आधिकारिक मतदान आंकड़े जारी नहीं किए हैं, जिससे विपक्ष नतीजों की पुष्टि नहीं कर पा रहा है।

मतदान शाम छह बजे समाप्त होना था, लेकिन इसके बाद भी करीब छह घंटे तक काराकस में कुछ मतदान केंद्रों पर वोट डाले गए। वेनेजुएला के लोग रविवार के राष्ट्रपति चुनाव के नतीजों का उत्सुकता से इंतजार कर रहे थे, जो 25 साल से एक ही पार्टी के शासन के अंत का रास्ता खोल सकते थे, लेकिन 11 साल से मादुरो को सत्ता से हटाने के लिए वह विफल रहे।

मस्क और मादुरो के बीच क्यों हुआ विवाद?

दरअसल, पिछले कई दिनों से मस्क वेनेजुएला के राष्ट्रपति पर लगातार टिप्पणी कर रहे थे। मादुरो ने बुधवार को मस्क के हमलों का जवाब देते हुए कहा, “एलन मस्क, जो कोई भी मेरे साथ खिलवाड़ करेगा, वह खत्म हो जाएगा। जो कोई भी वेनेजुएला के साथ खिलवाड़ करेगा, वह बर्बाद होगा। एलन मस्क, तुम लड़ना चाहते हो? चलो, एलन मस्क। मैं तैयार हूं। मैं तुमसे नहीं डरता। चलो, जहां भी तुम चाहो, वहां चलते हैं… बस बताओ कि कहां।”

इसके बाद एलन मस्क ने एक्स पर पोस्ट किया, मैं स्वीकार करता हूं… वह हार जाएगा।

तानाशाह मादुरो को शर्म आनी चाहिए- मस्क

गैरतलब है कि मस्क पिछले कई दिनों से एक्स पर मादुरो की नीतियों की आलोचना कर रहे हैं। उन्होंने चुनाव परिणामों के बाद मादुरो को तानाशाह और जोकर तक कहा था।

वेनेजुएला के चुनाव से पहले मस्क ने एक पोस्ट में लिखा, वेनेजुएला के लोगों के लिए बेहतर भविष्य को चुनने का समय आ गया है। मारिया कोरिना का समर्थन करें! वह बेहद लोकप्रिय विपक्षी नेता मारिया कोरिना मचाडो का जिक्र कर रहे थे, जिन्हें मादुरो के खिलाफ चुनाव लड़ने से रोक दिया गया था। परिणामों की घोषणा के बाद मस्क ने कहा, तानाशाह मादुरो को शर्म आनी चाहिए।

मादुरो ने मस्क पर लगाया साजिश का आरोप

मादुरो ने मस्क पर वेनेजुएला के खिलाफ हमलों की साजिश रचने का आरोप लगाया है, उनका आरोप है कि नेशनल इलेक्टोरल काउंसिल (CNE) में कथित “कंप्यूटर हैकिंग” के पीछे तकनीक दिग्गज का हाथ है।

अगर मैं जीता तो…- मस्क

एलन मस्क ने एक अन्य पोस्ट में कहा, अगर मैं जीतता हूं तो वह वेनेजुएला के तानाशाह के पद से इस्तीफा दे देंगे। अगर वह जीतते है, तो मैं उन्हें मुफ्त में मंगल ग्रह घुमाऊंगा।