हमारे संस्कारमें राष्ट्रनीति ही राजनीतिका आधार, मुंबईमें किया इंटरनेशनल एयरपोर्टका उद्घाटन
मुंबई (आससे.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय एअरपोर्ट का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री ने ही 2018 में इस एअरपोर्ट का भूमि पूजन भी किया था। सर्वप्रथम मोदी ने अत्याधुनिक उपकरणो तथा तमाम सुविधा से सज्ज एअरपोर्ट की विस्तृत जानकारी हासिल किया । यह एअरपोर्ट के प्रथम चरण का उद्घाटन है जिसे 19,650 करोड़ की लागत से बनाया गया है, साथ ही यह मुंबई का दूसरा अंतरराष्ट्रीय एअरपोर्ट है। जनसभा को संबोधित करते मोदी ने कहा कि यह दूसरा अंतरराष्ट्रीय एअरपोर्ट मुंबई को मिल गया है। विकास की दिशा में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी। रिमोट के माध्यम से प्रधानमंत्री ने अत्रे चौक वर्ली से कफ परेड तक बने भूमिगत मेट्रो 3 के अंतिम चरण का भी शुभारम्भ किया। उन्होंने कहा कि मेट्रो के विकास से लोगों का जीवन सुगम हो जायेगा तथा दो घंटे का समय आधे घंटे में सिमट जायेगा। यह नवयुग का समय है। साथ ही लोगों की यात्रा सुगम करने के लिए तैयार किये गये मुंबई वन ऐप का भी शुभारम्भ किया जिसके माध्यम से एक टिकट लेकर मेट्रो, मोनो तथा लोकल ट्रेन एवं सीटी बसों में यात्रा की जा सकती है। एअरपोर्ट पर जन समुदाय को संबोधित करते प्रधानमंत्री ने सर्व प्रथम डीबा पाटिल को स्मरण करते उनके योगदान की जमकर सराहना की। बता दें कि नवी मुंबई एयरपोर्ट का नाम दिनाकरन बालू पाटिल( डीबा पाटिल) के नाम पर रखा गया है। मोदी ने आगे कहा कि आज देश विकसित भारत की सिद्धि में जुटा हुआ है और देश की गति और प्रगति दोनो दिख रही है। यह एअरपोर्ट विकसित भारत की झलक है। यहां से राज्य के किसानों को अंतर्राष्ट्रीय बाजार मिलेगा जहां से उनका उगाया गया फल विश्व के बाजार में आसानी से पहुंच जायेगा। एअरपोर्टों की चर्चा करते मोदी ने कहा कि ग्यारह साल पूर्व देश में महज 74 एअरपोर्ट थे जो अब 160 से भी अधिक हो गये हैं। आज भारत दुनिया का तीसरा सबसे बडा एविएशन सेंटर बन गया है। हमारी ताकत हमारे नौजवान हैं। मोदी ने कहा कि राष्ट्रनीति ही राजनीति का आधार है, पर दूसरे इससे अलग सोच रखते हैं और विकास में बाधक होते हैं। ढाई साल के उद्धव सरकार का नाम न लेते मोदी ने कहा कि बीच में काम ही ठप कर दिया गया था, अब लोगों के जीवन को गति मिल गयी है और वह एक टिकट लेकर सभी साधनों का उपयोग कर सकते हैं। पूर्व गृहमंत्री पी. चिदंबरम द्वारा दिये गये साक्षात्कार का जिक्र करते मोदी ने कहा कि दूसरे देश के दबाव में 2008 में हमला करने से रोक दिया गया, देश को जानने का हक है कि आखिर किसके दबाव में ऐसा किया गया। हमारे लिए देश और देशवासियों से बढ़कर कुछ भी नहीं है। आज का भारत घर में घुसकर मारता है। जिससे देश को ताकत मिले, हम वह सब करते हैं और करते रहेंगें। एकबार फिर स्वदेशी अपनाने पर जोर देते प्रधानमंत्री ने कहा कि इसे अपनाने से देश का पैसा तो देश में रहेगा ही, इसके जरिए रोजगार भी सृजित होगा। मोदी से पूर्व उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, अजित पवार के अलावा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सभा को संबोधित किया। साथ ही केन्द्रीय उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने भी संबोधित किया।मोदी के स्वागत में उद्योगपति गौतम अडानी भी उपस्थित रहे जिन्हों ने एअरपोर्ट के निर्माण में अहम रोल अदा किया है।
——————–
