News TOP STORIES नयी दिल्ली महाराष्ट्र राष्ट्रीय

ऑनलाइन गेमिंग के जरिए धर्मांतरण का मामला ठाणे कोर्ट ने शाहनवाज खान को 15 जून तक ट्रांजिट रिमांड पर भेजा


मुंबई,। ऑनलाइन गेमिंग के जरिए धर्मांतरण मामले में आरोपी शाहनवाज उर्फ बद्दो को ठाणे कोर्ट ने 15 तक ट्रांजिट रिमांड पर भेज दिया। बद्दो महाराष्ट्र के मुंब्रा का रहने वाले है।

महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले से बद्दो को किया गया गिरफ्तार

बद्दो को मुंब्रा पुलिस स्टेशन से ठाणे कोर्ट ले जाया गया था। उसे महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले से गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले, धर्मांतरण मामले में ही गाजियाबाद के एक मौलवी अब्दुल रहमान को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस पूछताछ में उसने बच्चों के धर्मांतरण की बात कबूल की थी।

यूपी पुलिस को काफी समय से थी बद्दो की तलाश

ठाणे कोर्ट ने शाहनवाज खान की सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस को दी है। मुंब्रा पुलिस और गाजियाबाद पुलिस ने बद्दो को अलीबाग के एक लॉज से गिरफ्तार किया। यूपी पुलिस को बद्दो की लंबे समय से तलाश थी।

बद्दो को कार से यूपी लाएगी पुलिस

गाजियाबाद पुलिस बद्दो को कार से यूपी लाएगी। बद्दो के खिलाफ धर्मांतरण कानून समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। वह मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस से बचने के लिए महाराष्ट्र चला गया, जहां वह अलीबाग में एक लॉज में छिपकर रहता था।

शाहनवाज खान उर्फ बद्दो पर क्या आरोप है?

शाहनवाज खान उर्फ बद्दो पर ऑनलाइन गेमिंग के जरिए धर्मांतरण करने का आरोप है। वह गेमिंग एप के जरिए युवाओं को अपने झांसे में लेकर उन्हें धर्म बदलने के लिए मजबूर करता था। पुलिस के मुताबिक, इस एप का डेवलपर वह खुद था। बद्दो पर यह भी आरोप है कि वह गेम में खुद को टॉप पर रखने के लिए चीटिंग भी करता था।

 

जाकिर नाइक के भाषणों का करता था जिक्र

बताया जाता है कि गेम के कई लेवल थे। अंतिम लेवल का नाम आइस बाक्स था। शाहनवाज चीटिंग कर लोगों को जीतने नहीं देता था। वह हारे हुए लोगों से कुरान पढ़ने को कहता था। वह दावा करता था कि जो कुरान पढ़ेगा, वह गेम जीत जाएगा। वह जाकिर नाइक के भाषणों का भी अक्सर जिक्र करता।