उत्तर प्रदेश मिर्जापुर सोनभद्र

ओबरामें खदान धंसनेसे चार मजदूरोंकी मौत


मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए हर खनन को बंद करने का था आदेश
ओबरा(सोनभद्र) (ह.स.)। शनिवार को एक ओर जहां सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चोपन क्षेत्र में विकास परियोजनाओं का शिलान्यास कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर नियमों को ताक पर रखकर किए जा रहे अवैध खनन के कारण एक बड़ा हादसा हो गया। यह घटना सीलिंग की जमीनों पर हो रहे अवैध खनन से जुड़ी है। जिसमें खदान धंसने के कारण कई लोगों के हताहत होने की आशंका है। वैसे चार मजदूरों की दबने से मौत होने का आशंका जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए एसडीएम और एसपी द्वारा पहले ही हर खनन क्षेत्र को बंद करने का आदेश दिया गया था। इसके बावजूद, खनन माफि याओं ने प्रशासन के इन स्पष्ट निर्देशों की अनदेखी की और यह अवैध कार्य जारी रखा। यह घटना अपरान्ह तीन से चार बजे की बतायी जा रही है।यह अवैध खनन सीलिंग की सरकारी जमीनों पर किया जा रहा था, जिस पर खनन करना प्रतिबंधित है। सूत्रों के मुताबिक, अभी तक इस घटना में चार लोगों की मौत होने की तत्काल सूचना मिली है, हालांकि अभी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। स्थानीय लोगों ने शासन और प्रशासन की अनदेखी पर गंभीर सवाल उठाए हैं, जिसके कारण यह अवैध कार्य आबादी क्षेत्र के इतने करीब बेखौफ जारी था। दुर्घटना स्थल डिग्री कॉलेज के पीछे का खनन क्षेत्र है, जो आबादी क्षेत्र से बिल्कुल सटा हुआ है। आबादी के इतने करीब अवैध तरीके से इतना गहरा खनन किया जाना बड़े खतरे की ओर इशारा करता है। घटना पर टिप्पणी करते हुए सूत्रों ने कहा कि यह विडंबना है कि एक तरफ प्रधानमंत्री मोदी चोपन क्षेत्र में विकास का शिलान्यास कर रहे थे, और दूसरी तरफ खनन माफिया नियमों को तोड़कर अवैध खनन में लगे थे। यह घटना दर्शाती है कि अवैध खनन माफिया कितने बेखौफ हैं और उनके मन में नियमों या प्रशासन का कोई भय नहीं है। इस तरह के अवैध कार्यों को रोकने के लिए सख्त और निर्णायक काररवाई की आवश्यकता है।
——————–