रांची

कन्याकुमारी से पदयात्रा कर रांची पहुंचे जी शिवा को एडीजी ने किया सम्मानित


कन्याकुमारी से पदयात्रा कर रांची पहुंचे जी शिवा को एडीजी ने किया सम्मानित
रांची। कन्याकुमारी से पदयात्रा कर रांची पहुंचे जी शिवा को गुरुवार को एडीजी अभियान संजय आनंद लाटकर ने सम्मानित किया। जी. शिवा जो आंध्र प्रदेश के घुँतुर जिले के रहने वाले हैं। उन्होंने यह पदयात्रा एक अप्रैल 2021 को कन्याकुमारी, तमिलनाडु से शुरू की और विगत सात महीनों में 13 राज्यों की पदयात्रा करते हुए कलकत्ता से गुरुवार को ही सुबह राँची पहुँचे। उन्होंने अभी तक 7000 किलोमीटर की यात्रा पूर्ण कर ली है। उल्लेखनीय है कि इनका इस पदयात्रा से उद्देश्य रक्तदान को बढ़ावा देना है। साथ ही अपने गांव में निशुल्क रक्त उपलब्ध कराने वाली सरकारी ब्लड बैंक के स्थापना का संकल्प भी इन्होंने लिया है। कोविड महामारी के समय इन्होंने रक्त की कमी के कारण बहुत सारे लोगों को मरते देखा, जिसमें बहुत सगे, संबंधी, रिश्तेदार भी थे। तब इन्होंने संकल्प लिया के जब तक अपने गांव में एक सरकारी ब्लड बैंक न स्थापित करा लें तब तक चैन से नहीं बैठेंगे। कलकत्ता से रांची पहुंचते ही सबसे पहले इन्होंने लाइफ सवेर्स संगठन के संचालक और झारखंड में रक्त आदान सेवा के लिए काम कर रहे अतुल गेरा से संपर्क किया। अतुल गेरा ने लाइफ सवेर्स के कार्यकर्ता मोहित चोपड़ा के साथ तत्काल शिवा को आराम करने की व्यवस्था सुनिश्चित की। साथ ही उनके उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए उन्हें राँची शहर के कुछ सम्मानित लोगों से मिलवाया। जिनमें सबसे पहले झारखंड पुलिस के एडीजी शामिल थे। एडीजी ने शिवा का प्रोत्साहन किया बल्कि अन्य राज्यों में जहां शिवा पुनः यात्रा प्रारंभ कर जाने वाले हैं। वहां के अपने विभागीय मित्रों को इनके समर्थन और मदद का आग्रह भी किया। जिसमें शुक्रवार के उनके पड़ाव, हजारीबाग के लिए, हजारीबाग एसपी और उसके आगे के लिए गया तथा पटना के भी पुलिस अधिकारियों को उनके देखरेख के लिए सूचित किया। एडीजी ने उन्हें कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से फोन पर बात भी करवाया। जिससे शिवा का हौसला बढ़ा। इसके बाद अतुल ने शिवा को सदर अस्पताल ब्लड बैंक लेकर गए जहाँ इंचार्ज डॉ० रंजू सिन्हा से मिलवाया। वहाँ उन्होंने भी शिवा को सम्मानित किया और उनके प्रयास के लिए उन्हें प्रोत्साहित किया और शुभकामना दी। सदर अस्पताल की कार्यशैली देखकर, शिवा अभिभूत थे और उन्होंने कहा के इसी प्रकार के ब्लड बैंक की आकांक्षा लेकर वे अपनी पदयात्रा पे निकले हैं। जहाँ बिना प्रतिस्थापन, निशुल्क रक्त सभी को उपलब्ध हो। इसके अलावा रोटरी रांची सेंट्रल के वरिष्ठ सदस्य अनिल सिंह, शिवेंद्र मोहन शर्मा और रेखा सिंह ने भी शिवा से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया। शिवा ने बताया की उनकी यह यात्रा अभी लंबी चलेगी। अलग-अलग राज्यों में पदयात्रा कर उनका अंतिम पड़ाव दिल्ली होगा। जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलकर वे अपने गांव में ब्लड बैंक बनाने की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि जब तक उनका यह उद्देश्य पूर्ण नहीं होगा। तब तक वे दिल्ली में ही रहकर प्रयास करते रहेंगे। रांची में एक दिन के पड़ाव में मिले स्नेह से वह काफी खुश थे। उन्होंने झारखंड के लोगों की काफी सराहना की।