रांची

रांची : दीपावली और छठ महापर्व को लेकर सुरक्षा के रहेंगे पुख्ता इंतजाम


रांची : दीपावली और छठ महापर्व को लेकर सुरक्षा के रहेंगे पुख्ता इंतजाम
रांची। दीपावली और छठ महापर्व के शांतिपूर्ण आयोजन के लिए रांची में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। लगभग 1000 से अधिक अतिरिक्त जवान की तैनाती की गई है। इसके अलावा हर इलाके में मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारी की नियुक्ति की गयी है। इस संबंध में जिला प्रशासन की तरफ से आदेश जारी कर दिया गया है।इस बार सुरक्षा व्यवस्था के साथ कोरोना गाइडलाइन पर भी विशेष रूप से नजर रखने की तैयारी है। शहर में 15 स्थानों पर आयोजित होने वाले काली पूजा कार्यक्रम को लेकर भी सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। जिला प्रशासन की ओर से शहर के छह डैम-तालाब को मूर्ति विसर्जन के लिए चिह्नित किया गया है।चर्च रोड, एजी मोड़ से हिनू चौक, करमटोली चौक से हॉटलिप्स चौक, कांटाटोली चौक से बहुबाजार आदि ऐसे कुल 36 इलाकों में सुरक्षा को लेकर बाइक दस्ता की प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रत्येक स्थल के लिए दो-दो बाइक दस्ता लगाए गए हैं। इन्हें जिम्मेदारी दी गई है कि लगातार अपने प्रतिनियुक्ति स्थल में भ्रमणशील रहकर निगरानी रखें। किसी प्रकार की सूचना हो तो संबंधित थाना प्रभारी व कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराएं। किसी भी तरह की आपात स्थिति से निपटने के लिए शहर के पांच प्रमुख स्थानों में पुलिस क्यूआरटी की प्रतिनियुक्ति की गई है। क्यूआरटी टीम बूटी मोड़, अल्बर्ट एक्का चौक, पिस्का मोड़, बिरसा चौक, चांदनी चौक और कांके रोड में तैनात रहेगी।दिवाली को लेकर शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों और प्रमुख स्थलों में विशेष रूप से जवानों की तैनाती की गई है। सभी प्रमुख चौक-चौराहों में संबंधित थाना के पदाधिकारी के साथ बल की भी प्रतिनियुक्ति कर दी गई है।इसके अलावा रिम्स और सदर अस्पताल में विशेष व्यवस्था की गई है। साथ ही फायर ब्रिगेड को अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है। एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा ने बताया कि दीपावली पर्व को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।