रांची

वर्तमान समय में राजस्व संग्रहण की स्थिति बहुत अच्छी नहीं रू रामेश्वर


वर्तमान समय में राजस्व संग्रहण की स्थिति बहुत अच्छी नहीं रू रामेश्वर
रांची। झारखण्ड के वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव ने कहा है कि छठ के बाद तीसरे लहर का संक्रमण अगर कम रहा और अगर स्थितियां अनुकूल रहीं तो सरकार की वित्तीय स्थिति अच्छी हो सकती हैं। उरांव गुरुवार को प्रोजेक्ट भवन में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए यह बातें कही। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में राजस्व संग्रहण की स्थिति बहुत अच्छी नहीं है। सरकार के खजाने में बहुत ज्यादा बढ़ोतरी नहीं हुई है। कोरोना में हुए नुकसान की भरपाई धीरे-धीरे हो रही है। छठ के बाद स्थितियां सामान्य रही तो राजस्व में बढ़ोतरी होने की पूरी संभावना है। अब हम यह उम्मीद करते हैं कि दिसंबर महीने से जीएसटी और वैट के कलेक्शन में वृद्धि होगी। केन्द्र सरकार की ओर से जीएसटी का क्षतिपूर्ति का बकाया भी मिलने लगेगा। हालांकि कुछ पैसे जरुर मिले हैं। उरांव ने कहा कि बरसात खत्म हो गया है। हमारी आर्थिक गतिविधियां भी सुचारू रूप से काम करेंगी। माइंस के काम तीव्र गति से शुरू होंगे, रोजगार भी बढ़ेंगे और सरकार की आमदनी में भी इजाफा होगा। रोजगार के सवाल पर उरांव ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन लगातार रोजगार को लेकर चिंतित है और इस दिशा में ठोस कदम उठा रहे हैं। पहले के नियम में विसंगतियां थी जिसके कारण सरकारी नौकरी होने पर भी न्यायालय द्वारा उस पर पाबंदी लगा दी जाया करती थी। छठी जेपीएससी सहित कई नियुक्तियां इसके उदाहरण हैं। अब धीरे-धीरे रोजगार को लेकर सरकार आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री इस संदर्भ में काफी संवेदनशील और संजीदा हैं।