Latest News उड़ीसा उत्तर प्रदेश उत्तराखण्ड झारखंड नयी दिल्ली पंजाब पटना बंगाल बिहार मध्य प्रदेश महाराष्ट्र रांची राष्ट्रीय लखनऊ

भारत की 15वीं राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर द्रौपदी मुर्मू को देश भर के मुख्यमंत्रियों ने दी बधाई,


नई दिल्ली, : राष्ट्रपति चुनाव 2022 में एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू भारत की 15वीं राष्ट्रपति बनने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। राष्ट्रपति चुनाव 2022 के लिए वोटों की गिनती संसद भवन में हुई। वोटों की गिनती गुरुवार सुबह 11 बजे भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू और संयुक्त विपक्षी उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के बीच मुकाबले के साथ शुरू हुई। जिसके बाद द्रौपदी मुर्मू ने विपक्षी प्रत्याशी यशवंत सिन्हा को तीन लाख से ज्यादा वोटों से पीछे छोड़ दिया।

द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति चुनाव 2022 में जीत पर देश के विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने उन्हें बधाई दी है। बधाई देने वालों में उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह समेत तमाम नेताओं ने बधाई दी है।

द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति बनने पर विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों की प्रतिक्रिया

  • उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर कहा कि भारत के माननीय राष्ट्रपति पद हेतु राजग की प्रत्याशी श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को विराट और ऐतिहासिक विजय की हार्दिक बधाई। आपकी विजय ‘नए भारत’ के सर्वसमावेशी व सर्वस्पर्शी स्वरूप के प्रति अपार जन-विश्वास और ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ भाव की जीवंत तस्वीर है। भारत माता की जय।
  • झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ट्वीट कर कहा कि देश की पहली आदिवासी राष्ट्रपति बनने पर द्रौपदी मुर्मू जी को हार्दिक बधाई और शुभकामनां। भगवान बिरसा मुंडा और अमर शहीद सिदो-कान्हू की वीर भूमि तथा समस्त झारखंडवासियों की ओर से आपको जोहार।
  • बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ट्वीट कर कहा कि श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को भारत का राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामना।
  • मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर कहा कि राष्ट्रपति पद पर जनजातीय समुदाय से आने वाली बहुमुखी प्रतिभा की धनी द्रौपदी मुर्मू का चुना जाना स्वतंत्र भारत के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय की शुरआत है। उनके संरक्षण में लोक कल्याण एवं विकास को गति मिलेगी और भारत विश्व पटल पर नई पहचान स्थापित करेगा।
  • छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्वीट कर कहा कि देश की 15वीं राष्ट्रपति चुने जाने पर श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से बधाई एवं शुभकामना। विश्वास है कि भारत गणराज्य के संवैधानिक संरक्षक के रूप में आपके हाथों में देश के नागरिकों के लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का गौरवशाली इतिहास सुरक्षित रहेगा।
  • राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट कर कहा कि श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को भारत का राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामना। आशा है श्रीमती मुर्मू भारत के लोकतंत्र को मजबूत बनाने के संवैधानिक दायित्व का पूरी जिम्मेदारी से निर्वहन करेंगी।
  • हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने ट्वीट कर कहा कि सरल, सशक्त, कठोर परिश्रम व जनसेवा के लिए समर्पित रहने वाली श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को राष्ट्रपति बनने पर देवभूमि हिमाचल की समस्त जनता की ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। निश्चित तौर पर नवनिर्वाचित माननीय राष्ट्रपति जी के अनुभव व दूरदर्शी सोच से भारत नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।
  • पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ट्वीट कर कहा कि देश के 15वें राष्ट्रपति चुने जाने पर माननीय द्रौपदी मुर्मू जी को बहुत बहुत बधाई।
  • दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि देश के 15वें राष्ट्रपति के रूप में निर्वाचित होने पर आदरणीय श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को बहुत-बहुत बधाई एवं शुभकामना।
  • उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ट्वीट कर कहा कि एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को ऐतिहासिक जीत पर बधाई एवं शुभकामना। देश के सर्वोच्च एवं गरिमामयी पद पर उनका चुना जाना महिला सशक्तीकरण तथा स्वस्थ लोकतंत्र की दिशा में एक स्वर्णिम शुरुआत है।
  • हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने ट्वीट कर कहा कि नारी-शिक्षा, शौर्य, सशक्तीकरण और जनजातीय स्वाभिमान का प्रतीक बन चुकीं श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी का राष्ट्रपति भवन में पहुंचना भारत के जीवंत लोकतंत्र का अनुपम उदाहरण है। देश के 15वें राष्ट्रपति के रूप में निर्वाचित होने पर आदरणीय द्रौपदी मुर्मू जी का हृदय की गहराइयों से अभिनंदन।
  • जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने ट्वीट कर कहा कि द्रौपदी मुर्मू को देश का राष्ट्रपति चुने जाने पर दिल से बधाई। यह गर्व का पल है और देश के लिए ऐतिहासिक दिन है। जम्मू कश्मीर के लोगों की तरफ से उन्हें शुभकामना।