Latest News उत्तर प्रदेश नयी दिल्ली राष्ट्रीय लखनऊ

Deoria : जिस साधु दुबे की जमीन के लिए हुआ नरसंहार, पुलिस को मिली उसकी लोकेशन; अब खुलंगे कई राज


देवरिया। रुद्रपुर के फतेहपुर लेहड़ा हत्या कांड के बाद अब इस घटना के बैकग्राउंड में मौजूद ज्ञान प्रकाश दुबे उर्फ साधु की याद पुलिस प्रशासन को आई है। पुलिस की जांच में साधु का लोकेशन सूरत में मिला है। पुलिस टीम सूरत भेजे जाने की तैयारी की जा रही है। हालांकि पुलिस के अधिकारी इसको लेकर कुछ भी कहने से अभी परहेज कर रहे हैं।

लेहड़ा गांव के रहने वाले सत्य प्रकाश दुबे के छोटे भाई ज्ञान प्रकाश उर्फ साधु दुबे ने 2014 में अपने हिस्से की भूमि का बैनामा पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रेम चंद यादव व उसके भाई रामजी यादव के नाम से की थी। इसके बाद से ही दोनों पक्षों में तनाव शुरू हो गया था। इसी तनाव के बीच वह प्रेम यादव के घर पर जाकर रहने लगा था।

कुछ महीने ही चले गए बाहर

भूमि बैनामा करने के बाद साधू बहुत दिनों तक प्रेमचंद के घर रहा। कुछ माह पहले वह कमाने के लिए बाहर चला गया। दोनों पक्षों के छह लोगों की हुई हत्या के बाद पुलिस को अब इस पूरे कांड के पीछे खड़े साधु की याद आई है।

पुलिस ने ट्रेस कर लिया साधु की लोकेशन

पुलिस ने साधु का मोबाइल नंबर लेने के साथ ही लोकेशन भी ट्रेस कर लिया है। साधु का लोकेशन सूरत में पाया गया है। बताया जा रहा है कि वह एक फैक्ट्री में वहां कार्य कर रहा है। एसपी संकल्प शर्मा ने बताया कि साधु से बातचीत की जाएगी।