Latest News नयी दिल्ली पटना बिहार राष्ट्रीय

कर्पूरी ठाकुर के बहाने परिवारवाद पर ये क्या बोल गए नीतीश, कहीं गांधी और Lalu परिवार की ओर तो नहीं है इशारा


समस्तीपुर। : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज कर्पूरी ठाकुर की जयंती पर समस्तीपुर के कर्पूरीग्राम पहुंचे थे। वे यहां मीडिया के सामने रामनाथ ठाकुर के साथ पहुंचे थे।

उन्होंने कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न देने पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि  2007 से हमलोग लगातार भारत रत्न की मांग करते रहे हैं। 2023 तक लगातार इसके पक्ष में बोलते रहे। शाम में उनलोगों ने तय कर दिया। इसके लिए मैं उन्हें धन्यवाद देता हूं।

कर्पूरी ठाकुर ने ही पहले शराबबंदी की थी

पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने कहा कि कर्पूरी जी ने समाज के हरेक तबके के लिए काम किया। पिछड़ा-अतिपिछड़ा के लिए काम किया। पहली बार शराबबंदी की। देश में सबसे पहले उन्होंने ही इस अहम विषय को छुआ। उनका व्यापक असर देशभर में हुआ। हमलोग भी बिहार में कर रहे हैं। वे व्यक्तिगत रूप से भी हमें मानते थे। उनके निधन के बाद हमलोगों ने उनके बताए रास्ते पर काम शुरू किया।

 कर्पूरी ठाकुर के बहाने परिवारवाद पर नीतीश कुमार ने क्या कुछ कहा?

नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने कहा कि हमलोग उन्हीं की प्रेरणा से काम कर रहे हैं। राज्यसभा सदस्य रामनाथ ठाकुर की ओर इशारा करते हुए सीएम ने कहा कि कर्पूरी जी ने कभी अपने बेटे को नहीं बढ़ाया, लेकिन हम उनको बढ़ा रहे हैं। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव हैं। पहले मंत्री थे, अब राज्यसभा सदस्य हैं।

इसके पूर्व उन्होंने जननायक की जीवन चरित्र पर आधारित एक स्मारिका का भी लोकार्पण किया। सर्वधर्म प्रार्थना सभा में भाग लिया और उनकी मूर्ति पर माल्यार्पण भी किया। मौके पर विधायक अख्तरूल इस्लाम शाहीन, अजय कुमार के अलावा काफी संख्या में प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित रहे।