पटना

कश्मीर में दो और बिहारियों की हत्या, सीएम नीतीश दुखी


नीतीश ने की जम्मू के उपराज्यपाल से बात

      • अररिया का चुनचुन घायल, जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने जारी की इमरजेंसी एडवाइजरी

जम्मू (एजेंसी)। जम्मू-कश्मीर में आतंकियों ने लगातार दूसरे दिन गैर कश्मीरी लोगों को निशाना बनाया है। रविवार को आतंकियों ने साउथ कश्मीर के कुलगाम में बिहार के 3 लोगों को गोली मार दी। इनमें से 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक घायल है। इस घटना के बाद जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने कड़ा फैसला लिया है। पुलिस ने इमरजेंसी एडवाइजरी जारी करके सभी गैर कश्मीरियों को सेना और पुलिस के कैंपों में लाने की बात कही है।

कश्मीर पुलिस के आईजी की तरफ से प्रदेश के सभी जिलों के अधिकारियों को भेजी गई इस एडवाइजरी में कहा गया है कि उनके एरिया में रहने वाले सभी गैर कश्मीरी मजदूरों को नजदीकी पुलिस, सीआरपीएफ या सेना के कैंप में लाया जाए। इस पर तुरंत अमल किया जाए।


नीतीश ने की जम्मू के उपराज्यपाल से बात

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जम्मू कश्मीर के अनंतनाग के वानपोह में हुए आतंकी हमले में बिहार के रहने वाले राजा ऋषिदेव और योगेंद्र ऋषिदेव हत्या एवं चुनचुन ऋषिदेव के घायल होने की इस आतंकी घटना पर मर्माहत हैं। उन्होंने इस घटना को दुखद बताया। उक्त घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री ने जम्मू कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा से दूरभाष पर वार्ता कर बिहार निवासियों की हो रही हत्या पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने इस आतंकी हमले में मृत राजा ऋषिदेव, योगेंद्र ऋषिदेव के निकटतम आश्रित को मुख्यमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रूपये देने की घोषणा की। साथ ही श्रम संसाधन विभाग एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं से नियमानुसार अन्य लाभ दिलाने का निर्देश अधिकारियों को किया। मुख्यमंत्री ने इस आंतकी हमले में घायल चुनचुन ऋषिदेव के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।


रविवार को कुलगांव के लारन गंजीपोरा एरिया में जिन्हें गोली मारी गई, वे सभी मजदूर थे। घायल की पहचान चुनचुन रिषि देव के तौर पर हुई है। उसे अनंतनाग के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मारे गए 2 नागरिकों की पहचान राजा ऋषि देव और जोगिंदर ऋषि देव के तौर पर हुई है।

घायल चुनचुन रिषि देव के साथ आए मोहम्मद जुल्फकार ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ रूम में बैठा हुआ था, उसी समय आतंकियों ने 3 लोगों को गोली मारी। घायल चुनचुन को तो अनंतनाग के मेडिकल कॉलेज में भर्ती करा दिया गया, लेकिन बाकी 2 लोगों के बारे में उसे कोई जानकारी नहीं मिल सकी। घटना के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में सर्चिंग शुरू कर दी है। साथ ही अस्पताल में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

इससे पहले, शनिवार को आतंकियों ने श्रीनगर के ईदगाह इलाके में बिहार के एक हॉकर को गोली मार दी थी। गंभीर स्थिति में उसे श्रीनगर के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मारे गए व्यक्ति का नाम अरविंद कुमार साह था। वह बिहार के बांका जिले का रहने वाला था और रेहड़ी लगाकर पानी पुरी बेचता था। दूसरी घटना में आतंकियों ने शनिवार को ही पुलवामा में सगीर अहमद नाम के शख्स को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। यूपी का रहने वाला सगीर कारपेंटर का काम करता था।