पटना

बिहार के 3 युवाओं ने माउंट फ्रेंडशिप चोटी पर लहराया तिरंगा


बिहारशरीफ। नालंदा जिले के तीन युवाओं ने पांच दिन में 17 हजार फीट की चढ़ाई की। हिमांचल प्रदेश की कुल्लू मनाली के माउंट फ्रेंडशिप चोटी पर फतह पायी। वहां तिरंगा लहराया। दल के तीन सदस्यों ने 19 जून को मनाली से चढ़ाई शुरू की थी। जैसे-जैसे माउंट के पास टीम के सदस्य आते गए, ठंड से कंपकंपा देने वाली बर्फीली हवाओं के थपेड़े उन्हें रोकने की कोशिश करते। लेकिन, वे चट्टानी इरादों के साथ निरंतर आगे बढ़ते गए।

17 हजार फीट की चढ़ाई करने वाले पर्वतारोही राजगीर के बीएससी पार्ट वन का छात्र 20 वर्षीय गोपाल कुमार ने बताया कि माइनस 10 डिग्री तापमान पर चोटी पर पहुंचना एक अनोखा रोमांच रहा। वहां हमने अपनी टीम के साथ 10 मिनट की मौज-मस्ती की। चोटी पर तिरंगा लहराकर बहुत ही अच्छा लगा। इस चोटी तक पहुंचने में हमें पांच दिन लग गए।

बिहारशरीफ की खंदकपर मोहल्ला निवासी बारहवीं की छात्रा 17 वर्षीया प्रिया गुप्ता उनसे महज 900 मीटर पीछे रह गयीं। प्रिया गुप्ता इसके पहले दिसंबर 2020 में उत्तराखंड के केदार कांटा पर्वत पर फतह पायी थीं। वहीं बिहारशरीफ प्रखंड के परोहा गांव निवासी बीएड का छात्र 22 वर्षीय अभिषेक रंजन ने 15 हजार की चोटी को फतह करने में कामयाबी हासिल की। अभिषेक ने भी 22 अप्रैल 2021 को अफ्रिका के 19 हजार 500 फीट ऊंची र्किंलगमंजारो चोटी की चढ़ाई की थी।