पटना

बिहारशरीफ: बाढ़ प्रभावित इलाकों का डीएम ने लिया जायजा


बिहारशरीफ (नालंदा)। शुक्रवार को जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह ने कतरीसराय, गिरियक और अस्थावां प्रखंड के बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पटोरिया और जियर में टूटे तटबंधों का मुआयना किया। बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया गया कि क्षतिग्रस्त तटबंधों को जल्द से जल्द ठीक करें। बाढ़ राहत में किसी तरह की कोताई कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को काम की प्रगति की रिपोर्ट समय-समय पर देने का भी आदेश दिया।

किसानों से मिलकर फसलों के नुकसान की जानकारी ली। अधिकारियों की टीम के साथ डीएम ने पूरे दिन बाढ़ राहत के कार्यों को रफ्तार देने के लिए मॉनिटरिंग की। उन्होंने कहा कि बारिश का शोर थमा है। इससे बहुत हद तक नदियों के जलस्तर में हो रहे लगातार इजाफा पर लगाम लगने की उम्मीद है।

वहीं बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लेने पहुंचे डीएम उस वक्त भड़क गये जब कतरीसराय की बीडीओ किरण कुमारी मुख्यालय से गायब मिलीं। प्रखंड क्षेत्र में बाढ़ आपदा के समय भी बीडीओ के नहीं रहने पर उन्हें नाराजगी जतायी। उन्होंने कहा कि बीडीओ के विरुद्ध सख्त कार्रवाई होगी।