पटना

खगड़िया: जिलाधिकारी समेत जिला प्रशासन की पूरी टीम कोरोना संक्रमण से बचाव अभियान में जुटी


अनुमंडल क्षेत्र में बनाये गए हैं 54 कंटेन्मेंट जोन
खगड़िया, 25 अप्रैल (आससे)। जिलाधिकारी  आलोक रंजन घोष ने शुक्रवार को अधिकारियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर कोविड  सैंपलिंग और टीकाकरण का औचक निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

मानसी रेलवे स्टेशन पहुंचे जिलाधिकारी ने वहां कोविड सैंपलिंग का निरीक्षण किया। उन्होंने अन्य प्रदेशों से खासकर महाराष्ट्र, दिल्ली आदि जगहों से आने वाले शत-प्रतिशत यात्रियों के कोविड सैंपलिंग का निदेश दिया।

इसके बाद जिलाधिकारी अनुमंडलीय अस्पताल, गोगरी पहुंचे और वहां कोविड टीकाकरण कार्य का जायजा लिया। उन्होंने टीकाकरण अभियान में 1 मई से 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों को भी टीका दिये जाने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी करने का निर्देश उपाधीक्षक,  को दिया।

जिलाधिकारी ने  गोगरी जमालपुर नगर परिषद के सब्जी मंडी का निरीक्षण किया,  जो कोविड दिशा-निर्देश के आलोक में स्थानांतरित होकर  खुले मैदान में लगाया जा रहा है। उन्होंने बाजार में सामाजिक दूरी और मास्क के प्रयोग को आवश्यक बताया तथा आवश्यकता पड़ने पर ही लोगों को घर से बाहर निकलने की सलाह दी। उन्होंने समय-समय पर साबुन से हाथ धोने का भी सुझाव दिया।

तत्पश्चात उन्होंने गोगरी जमालपुर नगर परिषद स्थित कंटेनमेंट जोनों का निरीक्षण किया और  अनुमंडल पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी,  प्रखंड विकास पदाधिकारी,  एवं अंचलाधिकारी, गोगरी को दिया।

इसके बाद जिलाधिकारी परबत्ता प्रखंड पहुंच कर नयागांव और जोरावरपुर पंचायतों के कंटेनमेंट जोनों का निरीक्षण किया। उन्होंने सुबह और शाम में कोरोना मरीजों से संपर्क कर उनका हालचाल पूछने और सख्ती से सरकार द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने का निदेश दिया।

जिलाधिकारी ने गोगरी लौटने के बाद कोविड संक्रमण के रोकथाम हेतु अनुमंडल स्तरीय समीक्षा बैठक में सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों को कड़ाई पूर्वक लागू करने का निदेश दिया। उन्होंने निर्धारित दिनों में दुकानों को खोलने और समय पर  बाजारबंदी, दुकानों के बाहर सामाजिक दूरी के पालन हेतु गोल घेरे का अंकन और  मास्क प्रयोग का भी निर्देश दिया।

इधर अपर समाहर्ता श्त्रुंजय कुमार मिश्रा एवं उप विकास आयुक्त श्रीमती अभिलाषा शर्मा ने जिलाधिकारी के निर्देश पर  क्रमशः अलौली प्रखंड एवं नगर परिषद, खगड़िया में स्थित कतिपय कंटेनमेंट जोनों का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अधिकारियों ने कहा कि सरकार द्वारा  तय मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं कंटेनमेंट जोन में हों, इसे सुनिश्चित कराना आवश्यक है। विदित हो कि सरकार ने माइक्रो कंटेनमेंट जोन के बजाए कंटेनमेंट जोन बनाने का निर्देश दिया है।

अपर समाहर्ता ने अलौली प्रखंड के रौन एवं अलौली ग्राम में कंटेनमेंट जोनों का भ्रमण किया एवं कोविड संक्रमित लोगों से उपलब्ध सुविधाओं मेडिकल किट की उपलब्धता, एएनएम या आशा द्वारा उनकी नियमित रूप से जांच पड़ताल  एवं उनके  स्वास्थ्य के बारे में भी पूछताछ की। कंटेनमेंट जोनों के घेराबंदी के बारे में अंचल अधिकारी, अलौली  एवं थानाध्यक्ष, अलौली को निदेशित  भी किया।

उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अलौली का भी भ्रमण किया एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को रोजाना की ब्रीफिंग बैठक एवं फोन द्वारा मरीजों से की जा रही बातचीत से संबंधित पंजी का निरीक्षण भी किया। उन्होंने पूरे मनोयोग से मरीजों की देखभाल  करने की सलाह दी। अंचलाधिकारी, अलौली एवं थानाध्यक्ष, अलौली को सभी कंटेनमेंट जोनों में घेराबंदी करने एवं बैनर लगाने हेतु निदेशित किया गया।

उप विकास आयुक्त अभिलाषा शर्मा ने भी खगड़िया नगर परिषद क्षेत्र के कंटेनमेंट जोनों का निरीक्षण किया एवं इसे पूर्णतः पिछले वर्ष के कंटेनमेंट जोनों के सामान बनाने का निर्देश दिया। उप विकास आयुक्त के साथ सदर अनुमंडल पदाधिकारी धर्मेंद्र कुमार भी मौजूद थे।

उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी को कंटेनमेंट जोन में मजिस्ट्रेट प्रतिनियुक्त करने हेतु भी निर्देशित किया, ताकि सरकार के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः  अनुपालन कराया जा सके। खगड़िया शहर में कोविड संक्रमित मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सख्ती बढ़ा दी गई है। खगड़िया अनुमंडल क्षेत्र में 54 कंटेन्मेंट जोन बनाये गए हैं।

खगड़िया नगर थाना और चित्रगुप्तनगर थाना क्षेत्र में ही 26 ऐसे स्थान हैं जिसे कंटेन्मेंट जोन बनाया गया है। जिले में 24 अप्रैल तक 1241 एक्टिव केश थे।   पिछले अड़तालीस घंटे में ही 267 नए केश आये। अब तक 94 हजार 334 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। शुक्रवार को 1469 लोगों ने टीका लिया।