पटना

एथेनॉल उत्पादन के लिए राज्य में आयेंगे काफी निवेशक : नीतीश


गन्ना उत्पादन से बढ़ेगी किसानों की आमदनी, मुख्यमंत्री ने की उच्चस्तरीय समीक्षा

(आज समाचार सेवा)

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में एथेनॉल उत्पादन के क्षेत्र में काफी निवेशक आयेंगे। इससे राज्य में रोजगार के नये अवसर पैदा होंगे। श्री कुमार एक अणे मार्ग स्थित संवाद में एथेनॉल उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए आयोजित उच्चस्तरीय बैठक को संबोधित कर रहे थे।

बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए वर्ष २००६ से ही काफी प्रयास किये गये हैं। वर्ष २०१६ में बिहार औद्योगिक प्रोत्साहन नीति बनाई गयी। किसी भी इन्वेस्टर के लिए इस पॉलिसी को बहुत ही बेहतर ढंग से बनाया गया है। वर्ष २००६ में ही गन्ने से एथेनॉल के उत्पादन के लिए केंद्र सरकार के पास प्रस्ताव भेजकर अनुमति मांगी गयी थी, जिसे उस समय की यूपीए की सरकार ने अस्वीकृत कर दिया था। उस समय एक बहुत बड़े निवेशक २१ हजार करोड़ रुपये का निवेश एथेनॉल उत्पादन के क्षेत्र में करना चाहते थे।

उन्होंने कहा कि यह खुशी की बात है कि अब केंद्र की सरकार ने एथेनॉल उत्पादन के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। बिहार में एथेनॉल उत्पादन के क्षेत्र में काफी निवेशक आयेंगे, इससे राज्य में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। साथ ही बंद चीनी मिलों की शुरूआत होगी एवं नये चीनी मिलें भी स्थापित होंगी। राज्य में गन्ना का भी उत्पादन बढ़ेगा और किसानों को गन्ने का अधिक से अधिक मूल्य मिल सकेगा। इससे राज्य के किसानों की आर्थिक स्थिति में भी काफी सुधार होगा। राज्य में मक्के का भी उत्पादन काफी बढ़ा है। मक्के से भी एथेनॉल का उत्पादन किया जायेगा। इससे भी मक्का उत्पादक किसानों को काफी फायदा होगा।

बैठक में उप मुख्यमंत्री श्री तारकिशोर प्रसाद, उप मुख्यमंत्री रेणु देवी, उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन, गन्ना उद्योग सह विधि मंत्री प्रमोद कुमार, मुख्य सचिव दीपक कुमार, अपर मुख्य सचिव गृह सह मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन आमिर सुबहानी, अपर मुख्य सचिव उद्योग ब्रजेश मेहरोत्रा, प्रधान सचिव वित्त एस. सिद्घार्थ, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव चंचल कुमार, प्रधान सचिव गन्ना उद्योग, एन. विजयालक्ष्मी, मुख्यमंत्री के सचिव मनीष कुमार वर्मा, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह उपस्थित थे।