मुगलसराय। धान की खेती के पीक समय नहरों में पानी न होने से आक्रोशित बबुरी क्षेत्र के किसानों ने बृहस्पतिवार को रविनगर स्थित चंद्रप्रभा प्रखंड के एक्सईएन कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने सिंचाई विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। चेताया कि यदि शीघ्र नहरों में पानी नहीं छोड़ा गया तो वे नहरों को पाट देंगे। साथ ही उग्र आंदोलन करने को विवश होंगे। प्रदर्शन कर रहे किसानों का आरोप था कि इस वर्ष धान की खेती के दौरान चंद्रप्रभा सिस्टम से जुड़े माइनरों व नहरों में एक दिन भी पानी नहीं छोड़ा गया है। किसानों ने किसी प्रकार पंपिंग सेट के माध्यम से धान की फसल तैयार कर तो ली है पर उनकी खेती का खर्च काफी बढ़ गया है। माइनर से जुड़े किसानों ने कहा कि विगत लगभग 25 वर्ष से टेल के खेतों तक नहरों का पानी नहीं पहुंच पा रहा है। इससे कई किसान धान की खेती नहीं कर पा रहे हैं। किसानों के धरना.प्रदर्शन की खबर सुनकर भाजपा नेता व सकलडीहा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी सूर्यमुनि तिवारी भी वहां पहुंच गए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से फोन पर वार्ता की जिसमें शीघ्र नहरों में पानी छोड़ जाने का आश्वासन मिला। प्रदर्शन करने वालों में कन्हैया सिंह, सर्वेश कुमार त्रिपाठी, नीरज तिवारी, लाल बहादुर मौर्या, जमालुद्दीन, रामलगन मौर्या सहित दर्जनों किसान रहे।
