News TOP STORIES उत्तर प्रदेश नयी दिल्ली राष्ट्रीय लखनऊ

जहां से पहला चुनाव लड़ा 2024 में वहीं से लड़ेंगे, अखिलेश ने कन्नौज से चुनावी मैदान में उतरने के दिए संकेत


कन्नौज, । सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पिता मुलायम सिंह यादव नेताजी के निधन के बाद मैनपुरी लोकसभा की रिक्त सीट पर पत्नी डिंपल यादव को उपचुनाव मैदान में उतारकर विरासत सौंप दी है। इसके बाद कन्नौज सीट को लेकर सपा कार्यकर्ताओं में उपजी ऊहापोह को भी उन्होंने शांत कर दिया है। कन्नौज में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने आए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पत्रकार वार्ता में आने वाले 2024 के चुनाव में कन्नौज संसदीय सीट से उतरने के संकेत दिए हैं। 

मैनपुरी लोकसभा सीट पर उपचुनाव में डिंपल यादव को प्रत्याशी बनाकर नेताजी की विरासत सौंपे जाने के बाद कन्नौज में सपाइयों में ऊहापोह की स्थिति बन गई थी। डिंपल यादव कन्नौज सीट से सांसद रह चुकी हैं और बीते लोकसभा चुनाव में भी सपा ने उतारा था। उनके मैनपुरी जाने के बाद स्थानीय सपा नेताओं का असमंजस गुरुवार को पूर्व मुख्यमंत्री सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने दूर कर दिया।

गुरुवार को सपा नेता सुनील कुमार गुप्ता उर्फ मुन्ना भइया के घर आयोजित निजी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री सपा प्रमुख ने अखिलेश यादव ने पत्रकार वार्ता में कन्नौज लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने के संकेत दिए हैं। डिंपल यादव को मैनपुरी से उपचुनाव से उतारे जाने के बाद कन्नौज सीट को लेकर एक सवाल पर अखिलेश ने कहा कि 2024 में भी चुनाव हैं। हम क्या करेंगे खाली बैठकर, हमारा काम ही चुनाव लड़ना है। जहां से पहला चुनाव लड़ा वहां से फिर लड़ेंगे।