रांची

झारखंड के 20 जिले कोरोना शून्य, प्रदेश में 17 नए मरीज


झारखंड के 20 जिले कोरोना शून्य, प्रदेश में 17 नए मरीज
रांची । झारखंड में बुधवार सुबह पिछले 24 घंटों के दौरान 20 जिलो में कोरोना का कोई भी नया मरीज नहीं मिला। इस दौरान पूरे राज्य में कोरोना के 17 नए केस मिले हैं, जबकि इस महामारी से एक भी मरीज की मौत नहीं हुई है। इस अवधि में दस लोग इस बीमारी से बाहर आए हैं। राज्य स्वास्थ्य विभाग के अनुसार झारखंड में सर्वाधिक मरीजों के राजधानी रांची में ही मिलने का सिलसिला जारी है। इस एक दिन में रांची में नौ मरीजों के अलावा , पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर ) से पांच, जामताड़ा से दो और बोकारो से एक नए मरीज की पहचान हुई है। झारखंड में इन 17 नए मरीजों के साथ राज्य में अब तक कुल तीन लाख, 48 हजार, 788 कोरोना संक्रमित हो गये। इनमें से तीन लाख, 43 हजार, 546 मरीज ठीक हो चुके हैं। अब तक पांच हजार, 138 लोगों को इस बीमारी के चलते अपनी जान गंवानी पड़ी है। फिलहाल राज्य में कोरोना के 104 सक्रिय केस हैं। इस बीच कोरोना जांच भी जारी है। अबतक कुल एक करोड़, 60 लाख, 59 हजार, 189 सैंपल की जांच की गयी है। झारखंड में कोरोना का रिकवरी रेट 98.49 प्रतिशत है।