पटना

दरभंगा में सिलेंडर विस्फोट से दो बच्चियों की मौत


दरभंगा (आससे)। कुशेश्वर स्थान पूर्वी थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव में गुरुवार की सुबह राधेश्याम राम के घर में घरेलू गैस चूल्हे पर खाना बनाने के दौरान गैस के रिसाव से लगी आग के कारण गैस सिलेंडर ब्लास्ट कर गया। गैस सिलेंडर के फटने से एक ही परिवार के दो बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। साथ ही एक दर्जन लोगों के घर जलकर राख हो गए। मरने वालों में उक्त गांव के राधेश्याम राम के पुत्री मौसम कुमारी 10 वर्ष तथा मेहर कुमारी 8 वर्ष है। वहीं राधेश्याम राम के पुत्र गुलशन राम एवं पत्नी रेणु देवी गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल दोनों व्यक्ति का इलाज पीएचसी सतीघाट में किया जा रहा है।

गैस सिलेंडर ब्लास्ट के बाद हुई आग लगी की घटना में राधेश्याम राम, दुखी राम, राम कुमार राम,भकोल राम,छठु राम लाल लाल मोहर राम, संजय राम,भूखल राम राम,नरेश राम, लक्ष्मी राम  का घर जलकर खाक हो गया। इस घटना में राधेश्याम के दो बकरी भी जलकर मर गई। ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया। लेकिन तब तक सभी घरों में रखे अनाज, कपड़ा, जेवरात एवं महत्वपूर्ण कागजात जलकर स्वाहा हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर पहुंचे अग्निशमन दस्ता की टीम आग के बचे अवशेष को बुझाया। सूचना मिलते ही एसडीओ संजीव कुमार कापड़, डीएसपी मनीष चंद्र चौधरी, सीओ कासिफ नवाज, प्रभारी थानाध्यक्ष उमेश झा पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया। एसडीओ श्री कापड़ ने अग्नि कांड में पीडि़त परिवार को सूची बनाकर प्रत्येक परिवार को 9800 रुपए नकद राशि एवं एक एक सीट पोलीथीन वितरण करने का आदेश सीओ को दिया। वहीं जिला आपदा प्रबंधन विभाग से मोबाइल पर संपर्क कर मृतक के आश्रितों को आपदा प्रबंधन विभाग से मिलने वाली 4 लाख रुपए की सहायता राशि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

वहीं प्रभारी थानाध्यक्ष श्री झा ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। इधर एक ही परिवार के दो बच्चियों के जलने से हुई मौत एवं दो व्यक्ति को जलकर बुरी तरह घायल होने से गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। अनुसूचित जाति के टोला में हुई इस भीषण अग्निकांड से गांव में अफरातफरी मच गयी। आग के विकराल रूप देखकर लोगों में चीख-पुकार मच गयी। लोग अपने घरों से कुछ भी सामान नहीं निकाल पाए। लोग एक-टक अपने आशियाने और उसमें पड़े सामग्रियों को शून्य आंखों से देखते रह गए।

घटना की जानकारी मिलते ही जिला परिषद सदस्य गुणेश्वर ठाकुर, पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि राजकिशोर मुखिया मौके पर पहुंच कर पीडि़त परिवार से मिलकर उन्हें सांत्वना दी और अंचल प्रशासन से उचित मुआवजा देने की मांग किया।