News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

दिवंगत गायक एस पी बालसुब्रमण्यम, तरूण गोगोई व सुमित्रा महाजन पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किये गए


जापान के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहे शिंजो आबे को पद्म विभूषण दिया गया है, लेकिन वह पुरस्कार लेने के लिए समारोह में उपस्थित नहीं थे। उपरष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण समेत अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर मौजूद रहे। सुमित्रा महाजन, प्रधानमंत्री मोदी के पूर्व प्रधान सचिव नृपेंद्र मिश्रा, उद्योगपति रजनीकांत डी श्रॉफ और पूर्व सांसद तरलोचन सिंह को जनसेवा और लोक सेवा में उनके योगदान के लिए पद्म भूषण प्रदान किया गया। महाजन भारत की पहली ऐसी महिला हैं जो आठ बार सांसद रही हैं। असम के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले गोगोई, गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री केशुभाई पटेल, पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान और इस्लामी विद्वान सैयद कल्बे सादिक को मरणोपरांत पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। उनके परिवार के सदस्यों ने ये पुरस्कार ग्रहण किए। कर्नाटक के कवि और नाटककार चंद्रशेखर कंबार और गायक के एन शांताकुमारी चित्रा को भी पद्म भूषण से नवाज़ा गया। पद्म भूषण तीसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान है।

देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न है, जो 2019 के बाद से किसी को नहीं दिया गया है। कुल सात व्यक्तियों को पद्म विभूषण, 10 को पद्म भूषण और 101 को पद्मश्री से सम्मानित किया गया है। असम के सामाजिक कार्यकर्ता लखीमी बरुआ, हरियाणा के कुरुक्षेत्र के हिंदी साहित्यकार प्रोफेसर जय भगवान गोयल, राजस्थान के मांगणियार लोक गायक लाखा खान, कर्नाटक संगीत की गायिका बॉम्बे जयश्री रामनाथ, देहरादून के वरिष्ठ आर्थोपेडिक सर्जन भूपेंद्र कुमार सिंह संजय और श्रीनगर से हिंदी के प्रसिद्ध प्राध्यापक एवं पत्रकार चमन लाल सप्रू को पद्म श्री पुरस्कार से नवाजा गया। पूर्व केंद्रीय मंत्री बिजॉय चक्रवर्ती, राजस्थान के पाली लेखक अर्जुन सिंह शेखावत, संस्कृत व्याकरण के आचार्य रामयत्न शुक्ला, दिल्ली के सामाजिक कार्यकर्ता जितेंद्र सिंह शंटी, स्टीपलचेज एथलीट सुधा सिंह, बिहार की वरिष्ठ हिंदी लेखिका मृदुला सिन्हा (मरणोपरांत), कोयंबटूर के ‘गियर मैन’ उद्योगपति पी सुब्रमण्यम (मरणोपरांत), पश्चिम बंगाल की सामाजिक कार्यकर्ता गुरु मां कमली सोरेन और भोपाल के आदिवासी लोक संस्कृति के विद्वान कपिल तिवारी को भी पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया।