पटना

पटना: महावीर हार्ट हॉस्पिटल में चार बच्चों के हृदय में जन्मजात छेद का नि:शुल्क आपरेशन


पटना (आससे)। महावीर मन्दिर न्यास द्वारा संचालित महावीर हार्ट हास्पीटल में चार बच्चों के हृदय में जन्मजात छेद का नि:शुल्क आपरेशन किया गया। इनमें चार महीने का शमीम सबसे छोटा बच्चा था।

महावीर हार्ट हास्पीटल के निदेशक और दिल्ली एम्स के पूर्व सर्जन डॉ किशोर जोशी ने बताया कि  नरकटियागंज के रहने वाले शमीम के हृदय में दो छेद थे। इस वजह से उसका शारीरिक विकास नहीं हो पा रहा था। काफी कठिन ऑपरेशन के जरिए इसके हृदय के दोनों छेद बंद किए  गए।

दो साल की नैंसी के हृदय में भी दो छेद थे। फेफड़े में ब्लॉकेज के कारण उसका शरीर नीला पड़ गया था। उसके हृदय का छेद बंद करने के साथ फेफड़े में ब्लॉकेज को ऑपरेशन के जरिए ठीक किया गया। वहीं महावीर हार्ट हास्पीटल में भर्ती तीन साल की पुची के हृदय में तीन छेद बंद किए गए। उसके फेफड़े की रुकावट को भी ऑपरेशन के जरिए दूर किया गया।

जबकि चार साल की अंबी के हृदय में जन्मजात छेद के अलावा उसके फेफड़े की नसें उल्टी थीं। ओपन हार्ट सर्जरी के जरिए छेद बंद करने के साथ फेफड़े की नसों को सीधा किया गया। डॉ किशोर जोशी ने बताया कि सभी बच्चे ऑपरेशन के बाद अब ठीक हैं।