पटना

उपमुख्यमंत्री ने पावापुरी रेडिमेड कलस्टर का लिया जायजा


सरकार का उद्देश्य हमारे मजदूर मालिक बने : रेणु देवी

बिहारशरीफ (आससे)। बिहार के उपमुख्यमंत्री रेणु देवी जो उद्योग मंत्री भी है आज सुबह अचानक पावापुरी रेडिमेड गारमेंट्स कलस्टर देखने मेहनौर पहुंची। उपमुख्यमंत्री ने कलस्टर में बन रहे रेडिमेड गारमेंट्स को देखा। काम कर रहे कर्मियों से बात की। कलस्टर के संचालक अशोक कुमार से रेडिमेड के क्षेत्र में चल रहे कार्यों की जानकारी ली। उपमुख्यमंत्री ने जानना चाहा कि यहां काम करने वाले कितने कामगार प्रवासी है और जो सामग्री बनायी जा रही है, उसकी बाजार में क्या डिमांड है। निर्माण और मार्केटिंग के बाद कामगारों तथा संचालक को आय हो रही है या नहीं आदि-आदि के बारे में विस्तार से पूछा।

उपमुख्यमंत्री श्रीमती रेणु देवी यह जानकर काफी खुश हुई कि लॉकडाउन में दूसरे प्रदेशों से वापस आये कामगार हीं पावापुरी रेडिमेड कलस्टर में कामगर है और लोगों से यह जानकार भी खुश हुई कि उन्हें घर में ही रोजगार मिल गया। इसके बाद मीडिया से बातचीत में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वे उद्योग मंत्री के साथ-साथ एक सामाजिक कार्यकर्ता भी है। बिहार कैसे विकास करे इसके लिए उनकी सरकार लगातार प्रयासरत है। सात निश्चय पार्ट टू के तहत लगातार काम चल रहा है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे मजदूर मालिक बने यही हमारी सरकार की सोच है। यही वजह है कि लॉकडाउन में जो कामगार वापस घर आये उन्हें स्थानीय स्तर पर रोजगार देने का प्रयास चल रहा है। सरकार ने ढेर लोगों को रोजगार दी है और आगे भी अधिक से अधिक लोगों को रोजगार देने पर काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि बाहर से आये कामगारों को स्किल डेवलपमेंट करने का भी काम बिहार सरकार कर रही है। इसके लिए केंद्र खोले गये है, जहां लोगों को प्रशिक्षण देकर और दक्ष बनाया जा रहा है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार का स्पष्ट सोच है कि जो लोग बाहर से यहां आये है अब वो वापस नहीं लौटे। यहीं अपना काम करें। अपने लिए रोजगार तो पाये हीं और लोगों को भी रोजगार से जोड़ा जा सके। एक सवाल के जवाब में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हमें गर्व है कि जब हमारे प्रवासी मजदूर घर आ गये तो दूसरे प्रदेशों में रोजगार-धंधे बंद हो गये। उन्हें प्लेन से मंगाया जा रहा था, लेकिन हमारी सोच है कि लोग यहीं रहकर काम करें और इसके लिए सभी तरह का प्रयास चल रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि हमारे जो भी कलस्टर काम कर रहे है अपने-अपने क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर रहे है। अच्छे क्वालिटी के प्रोडक्ट बना रहे है, जिसका डिमांड भी है। मार्केट डिमांड बढ़ाने के लिए सरकार भी प्रयास कर रही है और हर स्तर पर सहयोग करेगी। उन्होंने कहा कि कई नामी गिरामी कंपनियां है जो हमारे यहां उत्पादित कपड़ों को अपने डब्बों में पैक कर मोटी कमाई कर रहे है। हम अपने कलस्टरों में उत्पादित प्रोडक्ट को भी ब्रांडिंग करेंगे। हमारी क्वालिटी उनसे बेहतर है। निश्चित तौर पर डिमांड ज्यादा रहेगा। दूसरे वजह यह भी है कि कीमत भी उससे कम है।

उन्होंने मेहनौर स्थित पावापुरी रेडिमेड कलस्टर के कार्यों की प्रशंसा की और आशा जतायी कि आने वाले दिनों में यह और बेहतर करे। उन्होंने संचालक को इसके लिए धन्यवाद भी दिया। उपमुख्यमंत्री के साथ उद्योग विभाग के अधिकारी भी थे। जिला उद्योग प्रबंधक भी मौजूद रहे।