पटना

पटना: संप हाउसों की क्षमता को पहले की अपेक्षा बढ़ायें : तारकिशोर प्रसाद


उपमुख्यमंत्री ने पटना के विभिन्न संप हाउसों का लिया जायजा

पटना (आससे)। नगर विकास एवं आवास विभाग बुडको तथा पटना नगर निगम राजधानी के शहरी इलाकों में जल-जमाव की समस्या से आम लोगों को निजात दिलाने की दिशा में तत्परता के साथ अग्रसर है। जल निकासी हेतु किए गए प्रबंधन का जायजा लेने के उद्देश्य से उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने पटना शहर के विभिन्न संप हाउसों का जायजा लिया एवं आवश्यक निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री ने सर्वप्रथम पहाड़ी संप हाउस पहुंचकर ड्रेनेज पंपिंग स्टेशन पर की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उसके बाद सैदपुर संप हाउस, बाकरगंज नाला एवं कुर्जी संप हाउस का मुआयना किया।

इस मौके पर उन्होंने कहा कि संप हाउसों की क्षमता भी पूर्व वर्ष की अपेक्षा बढ़ाई गई है। विगत कुछ दिनों पूर्व चक्रवात के कारण हुई भारी बारिश के बावजूद शहर से काफी कम समय में जल निकासी सुनिश्चित की गई। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि बुडको और नगर निगम के अभियंता इस बात का ध्यान रखें कि संप हाउस तक पानी पहुंचे पानी के बहाव में आने वाली रुकावट के संभावित स्थानों पर निगरानी रखें। साथ ही सभी पंपिंग स्टेशन पर मोटर, जनरेटर, डीजल सहित अन्य सुविधा एवं उपकरणों की समुचित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि पटना नगर निगम एवं बुडको पूरी तत्परता से काम कर रहा है। हमारा प्रयास है कि पटना महानगर क्षेत्र के लोगों को जल-जमाव की समस्या से कठिनाई नहीं हो। इसके लिए सभी ड्रेनेज पंपिंग स्टेशन पर तकनीकी पदाधिकारी एवं कर्मचारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है एवं 24 घंटे नियंत्रण कक्ष को संचालित कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

उन्होंने कहा कि विभागीय स्तर पर की गयी व्यवस्थाओं का मैंने जायजा लिया है, जो कमियां परिलक्षित हुई हैं, उन्हें शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पटना नगर निगम को छठे वित्त आयोग की अनुशंसा के आलोक में एक हजार करोड़ की राशि अगले 5 वर्षों के लिए कर्णांकित करने की व्यवस्था की जा रही है, जिससे शहरी क्षेत्रों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

भ्रमण के दौरान साथ रहे पथ निर्माण मंत्री  नितिन नवीन ने कहा कि पटना नगर निगम क्षेत्र में काफी अच्छा काम हुआ है। बुडको, पटना नगर निगम, पथ निर्माण विभाग ने समन्वय के साथ काम करते हुए सड़कों को रिस्टोर किया है। उन्होंने कहा कि पुराने शहरों में नया काम करने में दिक्कत होती है, परंतु हमारे अभियंता एवं निगम के कर्मचारियों ने अच्छा काम किया है। जो कुछ थोड़ी बहुत कमियां रह गई हैं, उसे शीघ्र दूर कर लिया जाएगा। भ्रमण के दौरान बुडको के प्रबंध निदेशक रमण कुमार ने पहाड़ी संप हाउस, सैदपुर संप हाउस, बाकरगंज नाला एवं कुर्जी संप हाउस के विषय में जल निकासी हेतु किए गए प्रबंधन की विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि पिछले दिनों बुडको, पथ निर्माण एवं पटना नगर निगम के अभियंताओं के बीच बेहतर समन्वय के साथ काम शुरू हुआ है, जिससे कार्यों में गति आई है। मानसून के दौरान जल निकासी हेतु सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि न्यू बाईपास के दशरथा, सिपारा के इलाके में जल निकासी की समस्या के निदान हेतु वैकल्पिक व्यवस्था के तहत इन इलाकों में अतिरिक्त पंपिंग सेट की व्यवस्था की गई है।

भ्रमण के दौरान कुम्हरार के विधायक अरुण कुमार सिन्हा, दीघा के विधायक डॉ॰ संजीव चौरसिया, पटना नगर निगम की महापौर सीता साहू, नगर आयुक्त सहित बुडको एवं पटना नगर निगम के वरीय पदाधिकारी एवं अभियंतागण मौजूद रहे।