पटना

बिहारशरीफ: कार्यकर्ता ही पार्टी की रीढ़ होते है: भक्त चरण दास


  • बिहार सरकार किसान एवं मजदूर विरोधी: मदन मोहन झा
  • कांग्रेस का कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन

बिहारशरीफ (आससे)। जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा राजेंद्र आश्रम में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कांग्रेस के बिहार प्रभारी भक्त चरण दास ने झंडोत्तोलन कर किया। कार्यकर्ता सम्मेलन की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष दिलीप कुमार ने किया। कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कांग्रेस के बिहार प्रभारी भक्त चरण दास ने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की रीढ़ होते है। नेता और जनता के  बीच की दूरी को पाटने वाले कार्यकर्ता हीं होते है। इसलिए कांग्रेस पार्टी के सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर देश में चल रहे किसानों, मजदूरों, बेरोजगारों के साथ हो रहे अन्याय की लड़ाई में एकजुट होकर लड़े।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में जो नरेंद्र मोदी की सरकार है जनता को सड़क पर लाने का काम कर रही है। कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर नरेंद्र मोदी की कारगुजारियों से अवगत कराये। चुनाव के पहले किये गये एक भी वादा नरेंद्र मोदी के द्वारा पूरा नहीं किया गया। चाहे वह काला धन की बात हो, चाहे वह बेरोजगार को रोजगार देने की बात हो, चाकि किसानों को फायदा देने की बात हो। सारे मुद्दों पर मोदी सरकार फेल है। किसानों के साथ वर्तमान में तीन काला कानून लाकर खेतों में भी कारपोरेट के हवाले करने की साजिश की जा रही है, जिसे रोकने का दायित्व सिर्फ कांग्रेस पार्टी की ही नहीं बल्कि देश की सारी जनता को इसे आगे बढ़कर रोकना होगा।

कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा ने कहा कि नालंदा जिला का कांग्रेस कमेटी काफी सशक्त एवं मजबूत है। भविष्य में नौजवानों को जोड़कर पार्टी को आगे बढ़ाने का काम करें। बिहार सरकार भी किसान, मजदूर एवं गरीब विरोधी सरकार है। किसानों के मुद्दे पर भी बिहार सरकार चुप्पी साधे हुए है। जबकि बिहार सरकार को किसान के बिल का विरोध करना चाहिए।

जिलाध्यक्ष दिलीप कुमार ने कहा कि हमारे सभी प्रखंड अध्यक्ष काफी मजबूत है। हमारे सभी कार्यकर्ता नालंदा में मजबूत है। कांग्रेस पार्टी जन-जन में बसी हुई है। इस अवसर पर विधान पार्षद रामचंद्र मिश्रा, औरंगाबाद के विधायक आनंद शंकर सिंह, विक्रम विधायक सिद्धार्थ सिंह, खगड़िया विधायक छत्रपति यादव, पूर्व विधायक मनोज कुमार सिंह, रवि ज्योति कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रजेश पांडेय, प्रदेश युवा अध्यक्ष गुंजन पटेल, एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष सोनू सिंह, पूर्व युवा प्रदेश अध्यक्ष कुमार आशीष आदि शामिल थे।

कांग्रेस के प्रदेश प्रतिनिधि हैदर आलम के नेतृत्व में बिहार प्रभारी भक्त चरण दास एवं प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा का स्वागत राजगीर से बिहारशरीफ आने के क्रम में सिलाव प्रखंड के बेलौवा में किया गया। इस अवसर पर राजीव कुमार मुन्ना, रमेश कुमार, अजय यदव, संजय महाराज, अनुज कुमार, धनंजय पटेल, रण्धीर कुमार मंटू, नरेश अकेला आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।