पटना

बिहारशरीफ: लोदीपुर नरसंहार के आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस कर रही है लगातर छापामारी


      • हत्या के बाद गांव में दहशत को देखते हुए पुलिस पिकेट बनाया गया
      • पुलिस ने छापामारी कर एक राइफल और दो पिस्टल किया जब्त
      • हमलावर ग्रुप के घरों में लटका है अभी भी ताला

बिहारशरीफ (आससे)। बीते कल छबिलापुर थाना के लोदीपुर गांव में हुई सामूहिक हत्या के मामले में पुलिस प्रशासन लगातार अपराधियों को पकड़ने के लिए दबाव बना रखी है। लगातार छापामारी चल रही है। घटना के बाद गांव में पुलिस कैंप लगाया गया है। हालांकि गांव में अभी भी दहशत का माहौल है। पूरा गांव सहमा हुआ है। जबकि हत्या करने वाले ग्रुप के लोग गांव से फरार है।

शुक्रवार को पुलिस की टीम गांव में सघन छापामारी की। इस क्रम में हत्या के आरोपी महेंद्र यादव के घर के आगे झाड़ी से पुलिस ने एक राइफल बरामद की जबकि नेवारी के पुंज से दो पिस्टल बरामद की। ट्रेनी  डीएसपी के नेतृत्व में चल रहे छापामारी में पुलिस ने विवादित स्थल को जुलाई करने में प्रयुक्त ट्रैक्टर को जब्त कर ली  है।

बताते चले कि बीते कल भूमि विवाद में एक ही जाति के दो गुट के बीच हिंसक वारदात हुई, जिसमें एक गुट के लोगों ने हमला बोल दिया, जिसमें पांच लोगों की मौत हुई। जबकि चार लोग गोली लगने से जख्मी हुए थे। लगभग दो सौ राउंड गोली चलायी गयी थी, जिसमें 9 लोगों को गोली लगी थी और गोली लगने से यदु यादव, महेश यादव, शिवल यादव, पिंटू यादव तथा धीरेंद्र यादव की मौत हो गयी थी। जबकि अतुल प्रभाकर, बिंदा यादव, मिट्ठू यादव एवं परशुराम यादव गोली लगने से जख्मी हुआ था।