
पटना (आससे)। महागठबंधन (इंडिया महागबंधन) ने अपनी साझा घोषणा पत्र जारी कर दी है। इसे तेजस्वी का प्रण नाम दिया गया है। पटना के एक बड़े होटल में मंगलवार शाम महागठबंधन के घटक दलों के प्रमुख नेताओं ने अपने मुख्यमंत्री फेस तेजस्वी यादव के नेतृत्व में इसे जारी किया। तेजस्वी यादव ने कहा कि महागठबंधन के घोषणा पत्र में जितनी बातें कहीं गई हैं, वह सब लागू की जाएगी। हमलोगों को बिहार को बनाने का काम करना है। हमलोगों ने आपके सामने संकल्प पत्र रखा है। हमलोगों का प्रण है कि बिहार को नंबर वन कैसे बनाएं। रोजगार के लिए बजट कहां से लाएंगे? इस सवाल पर तेजस्वी यादव ने कहा कि हमलोग झूठे वादे नहीं करेंगे। एक-एक बातों पर एक्सपर्ट से चर्चा की गई है। काफी मंथन के बाद हमलोगों ने यह घोषणा पत्र लाया है। 2020 में भी लोग बोलते थे कि कहां से पैसा लाएगा? लेकिन, हमलोगों ने कर के दिखा दिया। 17 महीने में अपने वादे पूरे किए। अब फिर से कह रहे हैं एक एक परिवार को नौकरी देंगे। आपलोग बजट की चिंता मत कीजिए। तेजस्वी यादव ने कहा कि 14 नवंबर को आने वाली सरकार, आप सभी के लिए बिहार में ही रोजी-रोजगार का प्रबंध करेगी। बिहार का कोई भी बेटी-बेटा मजबूरी में अपने पिता अपनी माता को छोड़ कर बाहर जाने को विवश ना हो यही प्रार्थना और संकल्प करते हैं। हमलोग बिहार की धरती को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।
—————————-




