पटना

बिहारशरीफ: महाअभियान में 70 हजार लोगों को एकदिन में लगा टीका


स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव ने नगरनौसा में टीकाकरण का लिया जायजा

बिहारशरीफ (नालंदा)। जिले में आज महा टीका अभियान चलाया गया, जिसमें शाम 07:15 बजे तक 70160 हजार लोगों को कोविड निरोधक वैक्सीन लगायी गयी। महाअभियान रात्रि नौ बजे तक चलना है। गुरुवार को चले इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत भी नालंदा पहुंचे और नगरनौसा के केंद्र का निरीक्षण किया। साथ ही अभियान की जानकारी भी ली।

बिहार सरकार ने आज के दिन पूरे राज्य में महा टीका अभियान चलायी है। इसी के तहत नालंदा जिले में भी यह अभियान चलाया गया। त्योहारी मौसम में काफी संख्या में लोग देश के अन्य प्रदेशों से यहां आते है। ऐसे में कोविड प्रसार ना हो इसके लिए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने इस अभियान में पूरी ताकत झोंकी।

जिले के कई प्रखंडों में जिला मुख्यालय बिहारशरीफ के तर्ज पर 9 टू 9 टीकाकरण केंद्र चलाया गया है। रहुई आदि प्रखंडों में इसकी शुरुआत कर दी गयी, जबकि हिलसा, इस्लामपुर, चंडी, अस्थावां, सरमेरा, बिंद, हरनौत, नगरनौसा में आज से यह केंद्र काम करने लगेगा।