नई दिल्ली। भाजपा ने एक ऑडियो क्लिप जारी कर दावा किया कि भ्रष्टाचार के आरोपित आम आदमी पार्टी के नेताओं को जांच एजेंसियों के सामने झूठ बोलने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने इसकी जांच सीबीआई से कराने की मांग की है जिससे कि सच्चाई सामने आ सके।
सीबीआई से कराई जाए मामले की जांच- भाजपा
प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी अपराधियों व भ्रष्टाचारियों का संगठित गिरोह है। जांच एजेंसी की कार्रवाई से आप नेताओं के चेहरे पर निराशा व हताशा झलक रही है।

उन्होंने एक ऑडियो क्लिप जारी किया, जिसमें एक व्यक्ति अन्य लोगों से बोल रहा है कि एक प्रश्न को कई तरह से पूछे जाते हैं। हमें सिर्फ उसी का सही उतर देना है जिसे हमें उन्हें बताना है। जिस बात का सही उत्तर नहीं देना है उसे किसी भी कीमत पर नहीं देना है। उसके बारे में सिर्फ झूठ बोलना है।
भाजपा में दिया जाता है जन सेवा का प्रशिक्षण- मनोज तिवारी
इस ऑडियो क्लिप की सीबीआई जांच जरूरी है जिससे पता चले कि आप का कौन नेता इस तरह का प्रशिक्षण दे रहा है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि भाजपा में जन सेवा का प्रशिक्षण दिया जाता है।
वहीं, आप में जांच एजेंसियों के सामने झूठ बोलने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इनके यहां भ्रष्टाचार के खिलाफ बोलने वालों को पार्टी से निकाल दिया जाता है। आप की सच्चाई सभी जान गए हैं।
केजरीवाल ने अपने बच्चों की कसम खाकर कहा था कि वह किसी पार्टी से हाथ मिलाना तो दूर ऐसा सोचेंगे भी नहीं। उनका यह झूठ सबके सामने है। उन्होंने पहले कांग्रेस के साथ 49 दिनों की सरकार बनाई। अब आइएनडीआइए गठबंधन के हिस्सा हैं। लालू यादव सहित उसमें वह सभी नेता शामिल हैं जिन्हें केजरीवाल भ्रष्टाचारी बताते रहे हैं।