पटना

मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर नड्डा से मिले बिहार के भाजपा नेता


औपचारिक सूची फाइनल, आज बिहार भेजने की संभावना

पटना (आससे)। भाजपा कोटे से मंत्री बनने वालों के नामों पर सोमवार को दिल्ली में विमर्श हुआ। बिहार भाजपा के नेताओं ने अपनी-अपनी राय से आलाकमान को अवगत करा दिया है। अब इसकी प्रबल संभावना है कि आलाकमान मंगलवार को औपचारिक सूची बिहार इकाई को भेज दे। सूची मिलते ही बिहार में मंत्रिमंडल का विस्तार तय है।

पार्टी नेताओं के अनुसार सोमवार को भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड़्डा ने बिहार भाजपा नेताओं के साथ लंबी बैठक की। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद व रेणु देवी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सांसद डॉ संजय जायसवाल, सांसद सुशील कुमार मोदी व प्रदेश संगठन महामंत्री नागेन्द्र शामिल हुए। बैठक के दौरान बिहार भाजपा के तमाम नेताओं ने बारी-बारी से अपनी राय संभावित मंत्रियों पर दी है।

सभी नेताओं ने एक सुर से कहा कि मंत्रिमंडल में सभी वर्गों का समान प्रतिनिधित्व दिया जाना चाहिए। खासकर जिस तरह से पार्टी एनडीए में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, उसमें समाज के सभी वर्गों का साथ मिलने को पुख्ता करता है। बैठक में तय हुआ कि जिस समाज के लोग जिस अनुपात में जीतकर आए हैं, उसी के अनुसार उस समुदाय के नेताओं को मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व दिया जाएगा।

मंत्रिमंडल में पार्टी कुछ जमे-जमाए नेताओं को मौका देगी तो कुछ नए चेहरे भी मंत्री बन सकते हैं। बैठक में शामिल भाजपा के एक वरिष्ठ नेता के अनुसार संभावित मंत्रियों पर विमर्श हो चुका है। अब मंगलवार को उम्मीद है कि आलाकमान अपने निर्णय से राज्य इकाई को अवगत करा देगा। इसके बाद मंत्रिमंडल विस्तार भी जल्द ही हो जाएगा।