पटना

राजगीर कॉलेज राजगीर में अब स्नातक की भी होगी पढ़ाई


कला एवं विज्ञान संकाय में प्रतिष्ठा स्तर तक कई विषयों में दी गयी संबंधन

बिहारशरीफ (आससे)। अंतरराष्ट्रीय पर्यटन नगरी राजगीर का प्राचीनतम राजगीर कॉलेज को डिग्री की मान्यता मिल गयी है। लंबे समय से राजगीर के लोगों को इस प्राचीन कॉलेज में डिग्री की पढ़ाई शुरू किये जाने की उम्मीद लगी थी। पाटिलीपुत्र विश्वविद्यालय के कुलसचिव को इस संदर्भ का पत्र सरकार के उपसचिव द्वारा भेज दिया गया है।

अब राजगीर अनुमंडल मुख्यालय भी है जहां मुख्यमंत्री के पहल पर सरकारी डिग्री कॉलेज भी खुला है लेकिन कॉलेज में ना संसाधन है और ना ही प्राध्यापक। ऐसे में राजगीर तथा आसपास के लोगों को स्नातक की शिक्षा के लिए परेशानी हो रही थी। लेकिन राजगीर कॉलेज राजगीर को डिग्री तक की मान्यता मिल जाने से लोगों को सहुलियत होगी।

सरकार के उपसचिव असद फिरोज ने इस संबंध में जो पत्र निर्गत किया है उसके अनुसार कला (प्रतिष्ठा स्तर) के हिंदी, अंग्रेजी, प्राचीन इतिहास, इतिहास, अर्थशास्त्र, मनोविज्ञान, उर्दू, दर्शन शास्त्र, संस्कृत, संगीत, पाली एवं गृह विज्ञान तथा विज्ञान (प्रतिष्ठा स्तर) में भौतिकी, रसायनशास्त्र, वनस्पतिशास्त्र, जंतु विज्ञान एवं गणित विषय में सत्र 2021-22 के लिए अस्थायी संबंधन दिया गया है। शिक्षक के अभाव के कारण राजनीतिशास्त्र, समाजशास्त्र, भूगोल एवं प्राकृतिक विषय में संबंधन नहीं दिया जा सका।