News TOP STORIES उत्तर प्रदेश नयी दिल्ली राष्ट्रीय लखनऊ

‘लड़ाई परिवारवाद और राष्ट्रवाद के बीच’, सीएम योगी ने पीलीभीत से भरी हुंकार


पीलीभीत। पीलीभीत शहर के सनातन धर्म बांकेबिहारी राम इंटर कॉलेज के मैदान पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से मंगलवार को प्रबुद्धजन सम्मेलन आयोजित किया गया। इस सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हुए और जनता को संबोधन किया।

 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ये चुनाव फैमिली फर्स्ट बनाम नेशन फर्स्ट का है। एक ओर परिवारवादी पार्टियां हैं तो दूसरी ओर राष्ट्रवादी शक्तियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन सबका साथ सबका विश्वास है। परिवारवादी सत्ता में आएंगे तो माफिया राज लाएंगे। दंगा और कर्फ्यू लाएंगे। सीएम योगी ने कहा कि दूसरी ओर तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी सरकार महज तीन साल के भीतर विश्व में भारत को तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने का काम करेंगे। भारत के विकसित राष्ट्र बनने का सपना साकार होगा।

2014 के पहले और बाद की तस्वीर सबके सामने है

मंगलवार को शहर के सनातन धर्म बांके बिहारी राम इंटर कॉलेज के मैदान पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने सधे अंदाज में वर्ष 2014 से पहले और बाद की तस्वीर पेश की। सीएम योगी बोले कि हमारी पीढ़ी ने बदलते भारत को देखा है। पहले अविश्वास, अराजकता, देश के बारे में सोच का अभाव था। राजनीतिक दलों के लोगों में विश्वास नहीं रह गया था। दुनिया के देशों में भारत का सम्मान नहीं रह गया था। किसान आत्महत्या कर रहे थे। युवा पलायन करने को विवश थे। दंगा और कर्फ्यू उत्तर प्रदेश की पहचान बन गए। समाज में असुरक्षा की भावना बढ़ गई थी। व्यापारी पलायन करने लगे थे। वर्ष 2014 के बाद तेजी से बदलाव होना लगा।

दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा

सीएम योगी ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में पूरी दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा। दुनिया के विभिन्न देशों में रहने वाले भारतीय गर्व करते हैं कि वे उस देश के रहने वाले हैं, जहां प्रधानमंत्री मोदी हैं। कश्मीर से उग्रवाद और पूर्वोत्तर से अलगाववाद समाप्त हो चुका है। बेटियां न सिर्फ सुरक्षित हैं बल्कि फाइटर पायलट बन रही हैं। बदलते भारत की तस्वीर साफ तौर पर सभी देख रहे हैं। यूपी में अपराधी, माफिया पस्त, प्रदेश दंगा मुक्त हो चुका है। जो कार्य कभी नहीं हुआ, वह धरातल पर दिखाई दे रहा है। सुरक्षा, समृद्धि और सम्मान का वातावरण है। कर्फ्यू नहीं , अब धूमधाम से कांवड़ यात्रा निकलती है। देश विकास की नई यात्रा पर लगातार आगे बढ़ रहा है।

सड़क, रेलवे और पर्यटन की बदल गई तस्वीर

मुख्यमंत्री ने सड़क, रेलवे, स्वास्थ्य, उद्योग, पर्यटन आदि के क्षेत्र में हुए विकास कार्यों को गिनाया। बोले-सबका साथ सबका विकास, सबको लाभ लेकिन तुष्टिकरण किसी का नहीं। पहले चेहरा देखकर योजनाओं का लाभ मिलता था, अब हर पात्र को मिल रहा। उन्होंने प्रबुद्ध वर्ग के लोगों से आह्वान किया कि पांच सौ साल बाद अयोध्या में भव्य राम मंदिर का सपना पूरा हुआ है। विकास के रास्ते पर दौड़ने वाली मोदी की सरकार को फिर से बनवाने के लिए जनमत तैयार करें।

भारत माता की जय के साथ की भाषण की शुरुआत

भाषण की शुरुआत भारत माता की जय और वंदे मातरम से करने के साथ ही मुख्यमंत्री ने पीलीभीत की विशेषताओं का भी जिक्र किया। कहा कि सबसे उर्वरा भूमि, बाघ की दहाड़ के साथ ही बांसुरी की मधुर ध्वनि बिखेरने वाला पीलीभीत ईको पर्यटन में भी लगातार आगे बढ़ रहा है। यहां मानव-वन्यजीव की रोकथाम के लिए विशेष व्यवस्था कराएंगे। जंगल किनारे इलेक्ट्रिक फेंसिंग कराई जाएगी।

 

इन्होंने भी सम्मेलन को किया संबोधित

इससे पहले प्रत्याशी जितिन प्रसाद व भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह ने भी सम्मेलन को संबोधित किया। संचालन ब्रज क्षेत्र के पार्टी महामंत्री राकेश मिश्र अनावा ने किया। गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग राज्यमंत्री, लोकसभा चुनाव के क्लस्टर इंचार्ज सुरेश राणा सहित अन्य लोगों ने मुख्यमंत्री की अगवानी करते हुए स्वागत किया और उन्हें पीलीभीत की प्रसिद्ध बांसुरी को स्मृति चिह्न के तौर पर भेंट किया।