News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

दिल्ली के सब्जी मंडी इलाके में गिरी चार मंजिला इमारत, बचाव कार्य जारी


  • दिल्ली के सब्जी मंडी इलाके में 4 मंजिला इमारत गिरी, सोमवार दोपहर हुई घटना। मलबे में कई लोगों सहित कुछ गाड़ियों के भी दबे होने की बात सामने आई है।

नई दिल्ली: उत्तरी दिल्ली के सब्जी मंडी इलाके में 4 मंजिला एक इमारत के गिरने की घटना सामने आई है। घटना के तत्काल बाद बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। घटना सोमवार दोपहर घटी। एक शख्स को फिलहाल निकाला गया है और अस्पताल पहुंचाया गया है। इस मामले में और जानकारी का इंतजार है।

फिलहाल मिली जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 12 बजे इमारत गिरने की जानकारी फोन द्वारा दमकल विभाग को दी गई। इसके बाद तत्काल पुलिस की टीम सहित दमकल कर्मचारी भी गाड़ियों के साथ पहुंचे और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया।

कुछ चश्मदीदों के अनुसार कई लोग मलबे में दबे हो सकते हैं। मलबे में कुछ गाड़ियों के भी दबे होने की बात सामने आई है। यह इमारत मालका गंज के नजदीक है। ये जानकारी भी सामने आई है कि जो इमारत गिरी है उसके ग्राउंड फ्लोर पर एक दूध की दुकान थी और इसमें कुछ कंस्ट्रक्शन का काम चल रहा था।

बताया जा रहा है कि इमारत के पहले और दूसरे फ्लोर पर कुछ परिवार भी रह रहे थे। बता दें कि हाल में राजधानी दिल्ली में भारी बारिश देखने को मिली है। दिल्ली के कई इलाकों में पानी भरा हुआ है।