Latest News उत्तर प्रदेश कानपुर नयी दिल्ली राष्ट्रीय

लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को एक और झटका, छह पार्षदों समेत कई नेताओं ने थामा भाजपा का दामन


 कानपुर।  लोकसभा चुनाव के नजदीक आते ही जोड़-तोड़ की राजनीति तेजी से रंग ले रही है। हाल में पूर्व विधायक अजय कपूर कांग्रेस से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हो गए थे। अब अजय कपूर के नेतृत्व में छह पार्षदों के साथ कई बड़े नेताओं ने बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की।

 

इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहे।

बता दें हाल में ही भाजपा में शामिल हुए अजय कपूर उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना के रिश्तेदार भी हैं। अजय कपूर को शहर की राजनीति में कांग्रेस का कद्दावर नेता माना जाता है। वह किदवई नगर व उससे पहले गोविंद नगर विधानसभा क्षेत्र से तीन बार विधायक भी रह चुके हैं।

अजय कपूर कानपुर की राजनीति में कांग्रेस के मजबूत स्तंभ रहे हैं। वह सपा के साथ गठबंधन के बाद खाते में आई कानपुर लोकसभा सीट से प्रबल दावेदार थे। प्रदेश स्तरीय चुनाव संचालन समिति की बैठक में कानपुर से भेजे गए दावेदारों के पैनल में उनका नाम एक नंबर पर रखा गया था। पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल के सामने राजनीति में हमेशा अजय गुट रहा। लेकिन चुनाव से ठीक पहले वह भाजपा में शामिल हो गए थे। अब वह अपने कई समर्थकों को भाजपा में शामिल करा रहे हैं।