पटना

सिविल सेवक जितना अधिक काम करेंगे, उतनी अधिक प्रतिष्ठा मिलेगी : मुख्यमंत्री


      • काम करने वाले अधिकारियों को लोग राजनीति करने वाले लोगों से अधिक प्रतिष्ठा देते हैं 
      • उत्कृष्ट कार्य एवं नवाचारी प्रयोग करने वाले सिविल सेवकों को सीएम ने किया सम्मानित

(आज समाचार सेवा)

पटना। बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन सोसायटी एवं सामान्य प्रशासन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में अधिवेशन भवन में आयोजित सिविल सेवा दिवस 2022 के समारोह का दीप प्रज्ज्वलित कर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधिवत शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर जनकल्याण हेतु उत्कृष्ट कार्य एवं नवाचारी प्रयोग करने वाले सिविल सेवकों को सम्मानित भी किया। अपर मुख्य सचिव सामान्य प्रशासन विभाग चैतन्य प्रसाद ने मुख्यमंत्री को पुष्प गुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर उनका अभिनंदन किया। बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन सोसाइटी एवं सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा उत्कृष्ट एवं नवाचारी कार्यों के कार्यान्वयन पर आधारित लघु फिल्म मुख्यमंत्री के समक्ष प्रदर्शित की गयी।

कार्यक्रम में पटना के जिलाधिकारी डा. चंद्रशेखर सिंह ने कोरोना काल में कोविड- 19 वैक्सीनेशन ड्राइव के अंतर्गत पटना जिला द्वारा संचालित विशेष टीकाकरण केंद्र पर आधारित प्रस्तुतीकरण दिया। सतत् जीविकोपार्जन योजना से जुड़े नवाचारी प्रयोग से संबंधित सचिव ग्रामीण विकास विभाग श्री बाला मुरुगन डी. ने मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुतीकरण दिया। मुख्यमंत्री ने अधिवेशन भवन के गलियारे में सिविल सेवा दिवस 2022 के उपलक्ष्य में विभिन्न विभागों एवं जिला प्रशासन द्वारा नवप्रयासों से जनकल्याण प्रगति पथ पर आधारित चित्र प्रदर्शनी का फीता काटकर शुभारंभ करने के पश्चात् इसका मुआयना किया। नवाचारी कार्यों पर आधारित पुस्तिका प्रगति पथ का भी मुख्यमंत्री ने विमोचन किया ।

मुख्यमंत्री ने वर्ष 2011 में लागू लोक सेवा का अधिकार अधिनियम के अंतर्गत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पटना, समस्तीपुर और खगडिय़ा जिले के जिलाधिकारी को सम्मानित किया। इनमें प्रथम स्थान के लिए पटना, द्वितीय स्थान के लिए समस्तीपुर और तृतीय स्थान के लिए खगडिय़ा के जिलाधिकारी को सम्मानित किया गया। बिहार में 5 जून 2016 से लागू लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम के तहत लोक शिकायतों के निवारण हेतु बेहतर प्रदर्शन करने वाले सुपौल, किशनगंज एवं शिवहर जिले के जिलाधिकारियों को मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया। सात निश्चय योजना के लिये उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सीवान, नालंदा एवं जहानाबाद जिले के जिलाधिकारियों को मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया। जल-जीवन-हरियाली अभियान की दिशा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले नालंदा, पूर्णिया एवं गया जिले के जिलाधिकारियों को भी सम्मानित किया गया।

सिविल दिवस 2022 समारोह में राजस्व संग्रहण हेतु उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मध-निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग और वाणिज्य कर विभाग के अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट नवाचार के प्रयोग हेतु प्रथम स्थान के लिए ग्रामीण विकास विभाग ( सतत् जीविकोपार्जन योजना के क्षेत्र में) के प्रधान सचिव श्री अरविंद कुमार चौधरी, द्वितीय स्थान के लिए मध-निषेध उत्पाद एवं निबंधन विभाग (निगरानी हेतु तकनीक के क्षेत्र में) के उत्पाद आयुक्त बी. कार्तिकेय धनजी एवं कृषि विभाग के सचिव एन. सरवन कुमार को जैविक कॉरिडोर के लिए सम्मानित किया गया।


आरटीपीएस एवं कोविड टीकाकरण में पटना जिला पूरे राज्य में प्रथम

पटना (आससे)।  मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा सिविल सेवा दिवस के अवसर पर कोरोना टीकाकरण और बिहार लोक सेवाओं के अधिकार अधिनियम के क्रियान्वयन में पटना जिला को राज्य में प्रथम पुरस्कार दिया गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से जिला पदाधिकारी चन्द्रशेखर सिंह ने यह दोनों पुरस्कार प्राप्त किया। राज्य में विभिन्न प्रक्षेत्रों में किये जा रहे नवाचारी प्रयोग तथा सर्वोत्तम प्रथाओं की श्रेणी में जन स्वास्थ्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए पटना जिला को प्रथम पुरस्कार मिला। साथ ही बिहार लोक सेवाओं का अधिकार अधिनियम’ के कार्यान्वयन में उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए भी पटना जिला को ’प्रथम’ पुरस्कार मिला।  इस अद्भुत उपलब्धि का ’श्रेय’ डीएम ने ’अपनी पूरी टीम के समर्पण एवं कठिन परिश्रम’ को दिया है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों एवं कर्मियों की पूरी टीम की तरफ से उन्होंने यह दोनों पुरस्कार ग्रहण किया।  डीएम ने कहा कि यह दोनों पुरस्कार सभी पदाधिकारियों ,कर्मियों और जिलेवासियों को समर्पित है इससे बेहतर कार्य करते रहने की प्रेरणा मिली।


जन स्वास्थ्य के संदर्भ में नवाचारी प्रयोग के अंतर्गत जन स्वास्थ्य के क्षेत्र में प्रथम स्थान के लिए पटना जिले के जिलाधिकारी, स्वच्छता के क्षेत्र में द्वितीय स्थान हेतु मुजफ्फरपुर जिले के जिलाधिकारी एवं तृतीय स्थान के लिए चिकित्सा प्रसार के क्षेत्र में खगडिय़ा और गैर कृषि के क्षेत्र में नवाचारी प्रयोग हेतु अररिया जिले के जिलाधिकारी को सम्मानित किया गया । लोक प्रशासन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य हेतु पश्चिम चम्पारण जिले को कोरोना काल में अप्रवासी मजदूरों को रोजगार मुहैया कराने के लिए, दरभंगा जिले को मखाना उत्पादन के लिए और बिहार विद्यालय परीक्षा समिति को परीक्षाओं के बेहतर आयोजन, ससमय परीक्षा परिणाम घोषित करने आदि की दिशा में कार्य करने के लिए सम्मानित किया गया।

राजस्व संग्रहण में विशेष उपलब्धि हासिल करने हेतु वाणिज्य कर विभाग की आयुक्त डा. प्रतिमा एस. वर्मा एवं मध-निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के उत्पाद आयुक्त बी. कार्तिकेय धनजी को मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डआरसीसी में डीएम जरूर जायें वहां जाकर देखें कि छात्र-छात्राओं के लिए राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ उन्हें मिल रहा है या नहीं। छात्र छात्रों की समस्याओं का समाधान हो रहा है या नहीं।

हम सरकार की तरफ से आश्वस्त करते हैं कि आप लोगों को जो भी और सुविधाओं की जरुरत होगी उसके बारे में सरकार जरुर निर्णय लेगी। कानून व्यवस्था पर भी नजर रखियेगा। रात्रि में अगर महीने में एक बार भी जायजा लेने निकल जाइयेगा तो उसका असर पड़ेगा। बिहार पिछड़ा राज्य है लेकिन यहां काफी काम हो रहा है।