Latest News अन्तर्राष्ट्रीय

जो बाइडेन के कार्यकाल में अवैध रूप से सीमा पार करने वालों की संख्या में इजाफा,


वाशिंगटन । अमेरिका में राष्ट्रपति जो बाइडेन के पद पर काबिज होने के बाद हर महीने अवैध रूप से सीमा पार करने वालों की संख्या में सबसे अधिक इजाफा हुआ है। अधिकारियों ने खुद इस बात का खुलासा किया है।

बताया जा रहा है कि दिसंबर महीने में मैक्सिको सीमा से अमेरिका आने वाले क्यूबाई और निकारागुआन लोगों की संख्या में भारी वृद्धि हुई है। इस बीच, बाइडेन ने 5 जनवरी को क्यूबा, हाईटियन, निकारागुआ और वेनेजुएला के लोगों को देश में रोकने के लिए नए उपाय भी पेश किए हैं।

पिछले साल की तुलना में दोगुना वृद्धि

कस्टम्स और सीमा सुरक्षा ने शुक्रवार को बताया कि अमेरिकी अधिकारियों ने दिसंबर में मैक्सिकन सीमा पर 2,51,487 प्रवासियों को रोका है। दिसंबर 2021 की तुलना में यह आंकड़ा 40 प्रतिशत तक बढ़ गया है। तब सीमा पर 1,79,253 प्रवासियों को रोका गया था। वहीं, दिसंबर में लगभग 43,000 क्यूबाई लोगों को रोका गया। यह संख्या नवंबर से 23 प्रतिशत अधिक है।

इसके अलावा, एक साल पहले की तुलना में यह आंकड़ा पांच गुणा से ज्यादा है। निकारागुआ के 35,000 से अधिक लोगों को रोका गया। यह आंकड़ा नवंबर से 3 प्रतिशत और दिसंबर 2021 से दोगुना है।

गश्ती बढ़ाने को किया मजबूर

इक्वाडोर और पेरू से भी अधिक प्रवासियों को रोका गया है। क्यूबा और निकारागुआ के लोगों ने एल पासो, टेक्सास को लगातार तीसरे महीने मैक्सिकन सीमा पर गश्ती बढ़ाने को मजबूर कर दिया है। इस वक्त शहर उन प्रवासियों से भरा है, जिन्हें अमेरिका में आव्रजन मामलों को आगे बढ़ाने के लिए रिहा कर दिया गया है।

वहीं, वेनेजुएला से आने वाले लोगों की संख्या सितंबर से काफी नीचे रही। अक्टूबर में अमेरिका, मानवीय पैरोल पर वेनेजुएला के 24,000 लोगों को स्वीकार करने पर सहमत हुआ।

इसके अलावा, बाइडेन ने इसी महीने यह भी कहा था कि अमेरिका क्यूबा, हैती, निकारागुआ और वेनेजुएला से आए 30,000 लोगों को मानवीय पैरोल पर रखने के लिए तैयार है। लेकिन, उन्हें ऑनलाइन आवेदन करने के साथ विमान के किराए का भुगतान करना होगा। उन्हें देश में दो साल तक रहने और काम करने की इजाजत होगी। हालांकि, दूसरी ओर मेक्सिको उन चार देशों के सभी लोगों को वापस लेने पर सहमत हो गया, जो अवैध रूप से अमेरिका में दाखिल हुए हैं।

भविष्य में खराब प्रभाव का सामना

सीबीपी के कार्यवाहक आयुक्त ट्रॉय मिलर ने संकेत दिया कि इन नए उपायों का भविष्य में खराब प्रभाव हो सकता है। उन्होंने कहा कि नए उपायों के कारण देश में क्यूबन, हाईटियन और निकारागुआन के लोगों की संख्या पर प्रभाव पड़ा है। अगले अपडेट में इसको लेकर और भी डेटा साझा किया जाएगा।