पटना

भोलेनाथ को मनायें, मनोकामनाएं होंगी पूरीं


महाशिवरात्रि 11 को

पटना (आससे)। महाशिवरात्रि व्रत फाल्गुन कृष्ण त्रयोदशी युक्त चतुर्दशी 11 मार्च को धनिष्ठा नक्षत्र में मनायी जायेगी। इस दिन श्रद्धालु व्रत, पूजा और पाठ के साथ जलाभिषेक व रुद्राभिषेक कर भोलेनाथ को प्रसन्न करते हैं। इससे सौभाग्य, समृद्घि व संतान की प्राप्ति होती है। शिवरात्रि पर शिव योग होने से अति पुण्यकारी संयोग बन रहे हैं। इस दिन शिव की आराधना सर्व मनोकामना पूर्ण करने वाली है।

महाशिवरात्रि पर शुभ संयोग में शिव व्रत और पूजन से अखंड सौभाग्य और मनचाहा वरदान की प्राप्ति होगी। सूर्य पुराण के अनुसार शिवरात्रि के दिन भगवान शिव पृथ्वीलोक पर भ्रमण करने निकलते हैं। इसीलिए इस दिन पूजन से साल भर की शिवरात्रि के समान पुण्य मिलता है। शिवरात्रि की पूजा करने से श्रद्धालुओं को एक हजार अश्वमेघ यज्ञ तथा सैकड़ों वाजपेयी यज्ञ के समान फल प्राप्त होता है। पौराणिक मान्यता के अनुसार इसी पावन रात्रि को भगवान शिव ने संरक्षण और विनाश का सृजन किया था।

22 स्थानों से निकलेगी शोभायात्रा

श्री श्री महाशिवरात्रि महोत्सव शोभायात्रा अभिनन्दन समिति द्वारा ११ मार्च को महाशिवरात्रि के अवसर पर राजधानी में निकाली जाने वाली शोभायात्रा का अभिनन्दन समारोह खाजपुरा शिवमंदिर के पास आयोजित होगा। इस आयोजन की सफलता के लिए दीघा के विधायक संजीव चौरसिया द्वारा १४६ मंदिरों एवं स्थानों पर वर्चुअल शिव चर्चा का आयोजन कराया गया। इस शिव चर्चा में महिला श्रद्धालुओं की उत्साहजनक भागीदारी हुई है।

संजीव चौरसिया ने बताया वर्चुअल शिव चर्चा का अभिप्राय महाशिवरात्रि शोभायात्रा में अधिकाधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना है। हजारों लोगों ने इस वर्चुअल शिव चर्चा को देखा सुना। भक्त श्रद्धालु संजीव चौरसिया के साथ देशरत्न मार्ग नवकोठिया के शिव मंदिर में वर्चुअल शिवचर्चा में भागीदारी की। राजधानी में २२ स्थानों से महाशिवरात्रि शोभायात्रा निकाले जाने की पुष्टि समिति द्वारा की गयी है।