पटना

देश को नरेंद्र मोदी का नेतृत्व मिलना गर्व की बात : शाहनवाज हुसैन


जहानाबाद। भारतीय जनता पार्टी जिला इकाई की बैठक जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सह बिहार सरकार के उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन एवं प्रदेश उपाध्यक्ष सह विधान पार्षद राजेंद्र प्रसाद गुप्ता शामिल हुए। बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री शाहनवाज हुसैन ने कहा कि हम सभी के लिए गर्व का पल है कि देश को नरेंद्र मोदी का नेतृत्व मिला।

गुजरात में उनके कुशल नेतृत्व के कारण उन्हें पूरे देश व संगठन में पहचान मिली, जिसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री के रूप में देश का नेतृत्व संभाला। अपने अडिग फ़ैसले से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उन्होंने पहचान बनाया। आज वे विश्व के सर्वमान्य नेता के रूप में स्थापित हैं। इस 20 साल के उनके सफ़ल राजनीतिक नेतृत्व को ले सभी मंडलों में उनके जन्म दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

वहीं प्रदेश उपाधयक्ष राजेंद्र गुप्ता ने कहा कि नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी मंडलों में झुग्गी झोपड़ी व बस्तियों में रहने वाले बच्चों के बीच पुस्तक, अस्पतालों में गरीबों के बीच फ़ल वितरण किया जाएगा। जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार शर्मा ने पार्टी पदाधिाकारियो एवं बैठक में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं से अपने-अपने मंडलों में प्रभारी बनाने का आह्वान किया।

बैठक को जिला प्रभारी शंभुनाथ केसरी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अजीत शर्मा, अजेंद्र शर्मा ने भी संबोधित किया। मौके पर जिला उपाध्यक्ष मनोरंजन कुमार, विमलेश कुमार, सुनीता कुमारी, दामोदर प्रसाद, कृष्ण कुमार वर्मा, कृष्णा गुप्ता, मनीष केसरी समेत सभी जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री, मोर्चा अध्यक्ष प्रकोष्ठ के संयोजक उपस्थित थे।