पटना

मुजफ्फरपुर: मनपसंद कपड़े और जेवर नहीं लाने पर रूक गयी शादी, वरमाला के बाद दूल्हे को परिजनों संग बनाया बंधक 


मोतीपुर (मुजफ्फरपुर)। बारात आई, वरमाला भी हुआ परन्तु, मनपसन्द कपड़े और जेवर नही लाने के कारण शादी नहीं हो सकी। लड़की पक्ष ने दूल्हा सहित उसके परिजनों को बंधक बना लिया। सूचना के बाद  मौके पर पहुंची मोतीपुर पुलिस ने बंधक बनाकर रखे गए दूल्हे और उसके परिजनों को मुक्त कराया। घटना मोतीपुर थाना क्षेत्र के सिंगइला गाँव की बताई जा रही है। हालांकि अबतक उक्त मामले में किसी भी पक्ष द्वारा थाने में लिखित शिकायत दर्ज नही कराया गया है।

जानकारी के अनुसार  दिनेश पासवान की पुत्री कुमारी शबनम की बीती रात शादी थी। बारात मोतीपुर थाना क्षेत्र के जहांगीरपुर बंजरिया गाँव निवासी चेथर पासवान के यहां से आना था। बारात के स्वागत की सारी तैयारियां दुल्हन पक्ष ने कर रखी थी। तय समय के अनुसार चेथर पासवान का पुत्र अखिलेश दूल्हा बनकर शादी करने पहुंचा। बारातियों का खूब आवभगत हुआ। नास्ता से लेकर खाने तक कि रश्म अदायगी हुई। वरमाला भी हुआ। अब बारी कन्या निरिक्षण की थी जिसमें दूल्हा पक्ष को दुल्हन के लिए कपड़े और जेवरात दुल्हन के घर वालों को देना था।

बताया जा रहा है दूल्हा पक्ष द्वारा दुल्हन के लिए मन पसन्द  कपड़े, जेवरात नहीँ लाया गया। दोनो पक्षो में कहा सुनी होने लगी। फिर क्या था, बस इतने पर बात बिगड़ गई और दुल्हन पक्ष के लोगों में दूल्हा और उसके परिजनों को बंधक बना लिया। शादी से इनकार कर दिया। बाराती अपने घर लौट गए। दूल्हे पक्ष ने मोतीपुर पुलिस को घटना की जानकारी फोन पर दी।

जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों से वार्ता के बाद बंधक बनाए गए दूल्हे और उसके परिजनों को मुक्त करने पर दुल्हन पक्ष के लोग राजी हुए। जिसके बाद दूल्हा और उसके परिजनों को पुलिस मुक्त करा सकी। थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि बंधक बनाए गए लोगों को मुक्त करा दिया गया है। किसी भी पक्ष ने थाने में लिखित शिकायत नही दी है।