पटना

नीतीश कुमार के 15 साल- पैतृक गांव कल्याण बिगहा में दीवाली तो ससुराल सेवदह में मनी होली


कल्याण बिगहा के लाल तूने कर दिया काम, आप ही विकास पुरुष आप ही नीतीश कुमारके श्लोगन वाला बैनर गांव में लगाया

बिहारशरीफ (नालंदा)। नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री के रूप में 15 साल पूरा करने पर उनके पैतृक गांव हरनौत के कल्याण बिगहा में लोगों ने आज दीवाली मनाई। घरों से लेकर सार्वजनिक स्थलों पर दीप जलाया। लोगों ने ‘नीतीश कुमार जिंदाबाद’, ‘15 साल, एक मिसाल’ के जहां नारे लगाये, वहीं गांव में ‘कल्याण बिगहा के लाल तूने कर दिया कमाल, आप हीं विकास  पुरुष, आप हीं नीतीश कुमार’ जैसे श्लोगन वाले बैनर लगाये थे।

इस अवसर पर लोगों ने मुख्यमंत्री के गांव स्थित उनके परिजनों के स्मृति में बने स्मृति वाटिका में भी दीपोत्सव मनाया। उनके स्व. पिता स्वतंत्रता सेनानी कविराज रामलखन सिंह, माता स्व. परमेश्वरी देवी एवं पत्नी स्व. मंजू कुमारी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। दिन में पंचायत चुनाव रहने के बाद भी लोगों में आज के कार्यक्रम के प्रति काफी उत्साह रहा। सूर्यास्त होते ही कैंडल और दीप लेकर लोग दीपोत्सव मनाने में जुट गये। राजकिशोर उर्फ कक्कु के नेतृत्व में लोगों ने नारेबाजी भी की।

इस मौके पर रजनीश कुमार, अंजनी कुमार, सुबोध कुमार, अम्बिका सिंह, सखीसुंदर देवी आदि लोग शामिल हुए। ग्रामीणों ने सभी सरकारी संस्थानों, देवी स्थान आदि जगहों पर दीप जलाये और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का यह 72वां साल चल रहा है इसलिए हर स्थान पर 72-72 दीप जलाकर उनके लंबी आयु की कामना भी की गयी।

इधर दूसरी ओर मुख्यमंत्री के ससुराल सेवदह में लोगों ने एक-दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर होली मनाई। इस कार्यक्रम में गांव के दर्जनों लोग शामिल हुए। लोगों ने एक-दूसरे को बधाई दी।

बताते चले कि बिहार में मुख्यमंत्री के रूप में नीतीश कुमार का सबसे लंबा कार्यकाल रहा है। आज उनके कार्यकाल का 15 साल पूरा हो गया। इसके पूर्व तक श्रीकृष्ण सिंह उर्फ श्री बाबू 02 अप्रैल 1946 से 31 जनवरी 1961 तक मुख्यमंत्री रहे। उनका मुख्यमंत्री के रूप में कार्यकाल 14 साल 9 महीना 29 दिन का रहा था, लेकिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 18 जून 2021 को ही उनका रिकॉर्ड तोड़ चुके है।

बताते चले कि पहली बार 03 मार्च 2000 से 10 मार्च 2000 तक आठ दिनों तक दूसरी बार 24 दिसंबर 2005 से 26 नवंबर 2010 तक 60 महीना 2 दिन, तीसरी बार 26 दिसंबर 2010 से 20 मई 2014 तक 41 महीना 25 दिन, चौथी बार 22 फरवरी 2015 से अभी तक मुख्यमंत्री के पद पर आसीन है।