Latest News मनोरंजन राष्ट्रीय

Apurva Asrani: सुशांत को आखिरी वक्त तक किया गया परेशान, अपूर्व असरानी ने बॉलीवुड गैंग पर तोड़ी चुप्पी


नई दिल्ली प्रियंका चोपड़ा ने हाल ही में पॉडकास्ट इंटरव्यू में किए खुलासे से सनसनी मचा दी। उन्होंने बॉलीवुड में होने वाली राजनीति पर खुल कर बात की। ‘सिटाडेल’ एक्ट्रेस के बाद कई अन्य कलाकारों ने भी इंडस्ट्री की पॉलिटिक्स पर खुलकर बात की। इसी कड़ी में अब फिल्ममेकर अपूर्व असरानी ने भी कुछ खुलासे किए हैं।

सिर्फ फिल्म नहीं, इकोसिस्टम से बाहर निकालने की होती है योजना

‘क्रिमिनल जस्टिस’ वेब सीरीज की कहानी लिखने वाले अपूर्व असरानी ने प्रियंका चोपड़ा की बात का समर्थन करते हुए कई अन्य बातों का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि इंडस्ट्री में कुछ परिवारों का कब्जा है, क्योंकि वह कई पीढ़ियों से हैं। उन्हें ऑडियंस के टेस्ट का पता है। जाहिर है कि उन्हें अपने पसंदीदा लोगों के साथ काम करने का पूरा अधिकार है। समस्या तब होती है जब वह एक एक्टर या टेक्निशियन को न सिर्फ मूवी से, बल्कि पूरे इकोसिस्टम से बाहर निकालने के लिए गैंग बनाते हैं।

बनाई जाती हैं झूठी कहानियां

असरानी ने फिल्म इंडस्ट्री की पॉलिटिक्स का खुलासा करते हुए यह भी बताया कि जब एक अभिनेता किसी फिल्म को करने से मना कर देता है या क्रिएटिव डिफ्रेंस की बात आती है, तो लोग इसे ईगो पर ले लेते हैं। फिर वह अपने लोगों को कॉल कर कहते हैं कि इसके साथ काम मत करना।

 

असरानी ने बताया कि फिर वह उस व्यक्ति को बदनाम करने के लिए कैंपेन चलाते हैं। इसके लिए वह मीडिया और पॉवरफुल पत्रकारों की मदद लेते हैं। उस व्यक्ति के खिलाफ झूठी कहानियां बनाई जाती हैं। यह सारी बातें असरानी ने हिंदुस्तान टाइम्स को दिए इंटरव्यू में बताईं।

गलत व्यवहार की बनती है झूठी कहानियां

यह सब यहीं खत्म नहीं होता। असरानी ने बताया कि जो भी व्यक्ति बॉलीवुड गैंग की रडार पर आ जाता है, उसके गलत व्यवहार की झूठी कहानियां बनाई जाती हैं। अगर वह अभिनेता या टेक्निशियन अच्छा काम करना जारी रखता है, तो भी उसके काम को खराब रिव्यू दिया जाता है। इसके बाद भी अगर प्रोजेक्ट सफल हो जाता है, तो भी उनकी सक्सेस की कहानी को बताया नहीं जाता।

यह सब उन लोगों के लिए खतरनाक हो जाता है, जो आउटसाइडर हैं व जिनके अंकल या पिता फिल्म लाइन में नहीं है। असरानी ने कहा कि कुछ ऐसा ही 2012 में प्रियंका चोपड़ा के साथ हुआ था। उन्होंने एक साल में ही’बर्फी’ और ‘अग्निपथ’ जैसी दो हिट मूवीज दीं, लेकिन उन्हें लेकर यह खबर छपी कि कोई अभिनेता उनके साथ काम नहीं करना चाहता।

सुशांत को किया परेशान

इसी इंटरव्यू में फिल्ममेकर ने यह भी बताया कि सुशांत सिंह राजपूत को आखिरी वक्त तक परेशान किया गया था। उनको पूरे सिस्टम से कॉर्नर कर दिया था। अवॉर्ड शो से अलग कर दिया गया। वह सेंसिबल बातें करते थे, लेकिन उनके शब्दों को पागलपन वाला बताया गया।