News TOP STORIES उड़ीसा उत्तर प्रदेश उत्तराखण्ड कानपुर गोरखपुर झारखंड नयी दिल्ली पंजाब पटना बंगाल बिहार मध्य प्रदेश महाराष्ट्र राजस्थान राष्ट्रीय लखनऊ

Breaking News : अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने फिल्म निर्देशक व पूर्व पत्रकार अविनाश दास को किया गिरफ्तार


नई दिल्ली। भाजपा की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा को सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम राहत मिली है। नूपुर शर्मा की याचिका पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी पर 10 अगस्त तक के लिए रोक लगा दी है। साथ ही इसी दिन मामले में अगली सुनवाई की तारीख तय की है। इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र और राज्यों सरकारों को नोटिस जारी किया है।अग्निपथ योजना पर सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा फैसला दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने सभी मामलों को दिल्ली हाई कोर्ट ट्रांसफर कर दिया है। कोर्ट ने ‘अग्निपथ’ योजना को चुनौती देने वाली विभिन्न याचिकाओं को दिल्ली उच्च न्यायालय में स्थानांतरित किया है। कोर्ट ने रजिस्ट्रार जनरल को इन मामलों को दिल्ली एचसी को स्थानांतरित करने का निर्देश दिया है। बता दें कि भारत ने श्रीलंका को खाद्यान्न, दवाओं सहित अन्य जरूरी वस्तुओं की मदद भेजी है। वहीं, भारत में पिछले 24 घंटों में COVID-19 के 15,528 नए मामले सामने आए हैं। साथ ही 16,113 लोग डिस्चार्ज हुए और कोरोना से 25 लोगों की मौत हुई है।

  • 03:58 PM, 19 Jul 2022

    फिल्म निर्देशक व पूर्व पत्रकार अविनाश दास गिरफ्तार

    अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने फिल्म निर्देशक व पूर्व पत्रकार अविनाश दास को गिरफ्तार किया है। डीसीपी क्राइम ब्रांच चैतन्य मंडलिक ने बताया कि उन्हें मुंबई से हिरासत में लिया गया है।

  • 03:53 PM, 19 Jul 2022

    महंगाई के मुद्दे पर संसद से सड़क तक कांग्रेस का प्रदर्शन

    देश में महंगाई के मुद्दे पर विपक्षी दलों ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला हुआ है। कांग्रेस भी इसको लेकर केंद्र सरकार पर लगातार हमलावर है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और पार्टी नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को मोदी सरकार को आड़े हाथ लिया है। राहुल ने कीमतों में बढ़ोतरी, जीएसटी दरों में वृद्धि और रुपये के मूल्यह्रास के मुद्दों पर सरकार पर हमला किया।

     

  • 03:51 PM, 19 Jul 2022

    दिल्ली महिला आयोग ने लिया वायरल वीडियो का संज्ञान

    दिल्ली महिला आयोग ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो का स्वत: संज्ञान लिया है। जिसमें एक महिला दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल की इमारत के ठीक बाहर बच्चे को जन्म दे रही है और अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक को नोटिस जारी किया है।

  • 03:47 PM, 19 Jul 2022

    हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज बोले- दोषियों को नहीं बख्शा जाएगा

    DSP सुरेंद्र सिंह बिश्नोई की डम्पर से कुचलकर हत्या पर हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मैंने सख्त कार्रवाई के आदेश जारी कर दिए हैं, जितनी भी पुलिस लगानी पड़े, जितनी भी फोर्स बुलानी पड़े, चाहे आसपास के जिलों की फोर्स बुलानी पड़े। हम पूरी कार्रवाई करेंगे, किसी को बख्शा नहीं जाएगा।

  • 03:23 PM, 19 Jul 2022

    सुप्रीम कोर्ट से नूपुर शर्मा को मिली अंतरिम राहत

    भाजपा की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा को सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम राहत मिली है। नूपुर शर्मा की याचिका पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी पर 10 अगस्त तक के लिए रोक लगा दी है। साथ ही इसी दिन मामले में अगली सुनवाई की तारीख तय की है। इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र और राज्यों सरकारों को नोटिस जारी किया है।

  • 03:15 PM, 19 Jul 2022

    भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने हरियाणा सरकार पर उठाए सवाल

    हरियाणा के पूर्व CM भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने खट्टर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हरियाणा में कानून व्यवस्था चरमरा गई है। विधायकों को धमकी दी जा रही है, आज ना विधायक सुरक्षित हैं ना ही पुलिस तो आम आदमी कैसे सुरक्षित रहेगा। जनता का विश्वास उठता जा रहा है। सरकार को तुरंत ऐसे कदम उठाने चाहिए जिससे जनता का विश्वास कायम हो।

  • 03:07 PM, 19 Jul 2022

    सुप्रीम कोर्ट में नूपुर शर्मा की याचिका पर शुरू हुई सुनवाई

    सुप्रीम कोर्ट ने भाजपा की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा द्वारा उनकी संभावित गिरफ्तारी पर रोक लगाने और पूरे भारत में उनके खिलाफ दर्ज नौ मामलों को क्लब करने की याचिका पर सुनवाई शुरू की।

  • 03:06 PM, 19 Jul 2022

    श्रीलंका में कार्यवाहक राष्ट्रपति का विरोध

    श्रीलंकाई लोगों ने कोलंबो रेलवे स्टेशन के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। एक प्रदर्शनकारी का कहना है कि कार्यवाहक राष्ट्रपति के पास जनादेश नहीं है। हम तब तक विरोध करेंगे जब तक वह इस्तीफा नहीं देंगे।

  • 02:57 PM, 19 Jul 2022

    केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री पर बोला हमला

    केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि तेलंगाना में भारी बारिश से आई बाढ़ के संदर्भ में तेलंगाना CM ने कहा कि ये षड्यंत्र है। विदेशी ताकतों के द्वारा क्लाउड बर्स्ट कराने से बड़े पैमाने पर बारिश से बाढ़ आई। मैं उन्हें कहूंगा कि सिर्फ बयान न दें, इस बारे में पूरी जानकारी भारत सरकार को दें।

  • 02:55 PM, 19 Jul 2022

    गो एयर के विमान में आई तकनीकी खराबी

    GoAir A320 विमान में तकनीकी खराबी मिलने के बाद फ्लाइट को दिल्ली के लिए डायवर्ट कर दिया गया है। डायरेक्टर जनरल आफ सिविल एविएशन (DGCA) ने विमान में आई तकनीकी खराबी की जानकारी दी है। डीजीसीए ने बताया कि GoAir की मुंबई से लेह जा रही फ्लाइट में तकनीकी खराबी का पता चला। जिसके बाद विमान को दिल्ली की ओर डायवर्ट किया गया है।

  • 02:30 PM, 19 Jul 2022

    छात्रा की मौत की जांच करेगी SIT

    तमिलनाडु में 17 जुलाई को कल्लाकुरिची में हुई हिंसा और तोड़फोड़ की गहन जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। बता दें कि 12वीं कक्षा की एक छात्रा की मौत पर प्रदर्शनकारियों ने एक स्कूल में प्रवेश किया और बसों में आग लगा दी थी। साथ ही स्कूल की संपत्ति में तोड़फोड़ की थी।

  • 02:27 PM, 19 Jul 2022

    भाजपा बोली- PM मोदी को दोष देने की सनक

    मोदी सरकार (PM Narendra Modi) द्वारा शुरू की गई अग्निपथ योजना (Agnipath Scheme) पर विपक्ष लगातार हमला कर रहा है। आम आदमी पार्टी के राज्‍यसभा सांसद संजय सिंह (AAP MP Sanjay Singh) के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए भाजपा के मीडिया प्रमुख अमित मालवीय ने पलटवार किया है। मालवीय का कहना है कि सेना में भर्ती होने के लिए पहले भी उम्‍मीदवारों को जाति और धर्म प्रमाण पत्र देना होता था। सेना की रेजीमेंट प्रणाली अंग्रेजों के जमाने से ही अस्तित्व में है।

     

    02:26 PM, 19 Jul 2022

    केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने विपक्ष पर साधा निशाना

    केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने विपक्ष के आरोपों पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि सेना नियम 1954 और रक्षा सेवा नियमन 1987 के अनुसार भर्तियां की जाती हैं। आप जैसे कुछ दल गुमराह करने और झूठ बोलने की कोशिश करते हैं। उन्होंने सच्चाई जाने बिना युवाओं को गुमराह करने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि अभी तक कोई बदलाव नहीं किया गया है, विवरण वही हैं जो पहले एकत्र किए गए थे। लाखों युवाओं ने अग्निवीर बनने के लिए आवेदन किया है, इससे पता चलता है कि विपक्ष का दुष्प्रचार, खासकर आम आदमी पार्टी का झूठ देश के सामने आ गया है। आप झूठ की राजनीति करती है।

  • 02:09 PM, 19 Jul 2022

    लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित

    कीमतों में इजाफा और महंगाई के मुद्दे पर विपक्षी सांसदों की नारेबाजी के बाद लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित कर दी गई।

  • 02:06 PM, 19 Jul 2022

    गोएयर के विमान के इंजन में आई खराबी, दिल्ली डायवर्ट

    डीजीसीए ने बताया कि आज GoAir A320 विमान VT-WGA उड़ान G8-386 (मुंबई-लेह) इंजन नंबर 2 EIU (इंजन इंटरफेस यूनिट) की खराबी के कारण दिल्ली की ओर डायवर्ट किया गया। जांच की जा रही है।

  • 02:03 PM, 19 Jul 2022

    हरियाणा के नूंह में डीएसपी की डम्पर से कुचलकर हत्या

    हरियाणा के तवाडू (मेवात) के डीएसपी सुरेंद्र सिंह बिश्नोई नूंह में अवैध खनन की घटना की जांच के लिए गए थे, जिसकी डम्पर चालक ने कुचलकर हत्या कर दी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तलाशी अभियान जारी है।

  • 01:48 PM, 19 Jul 2022

    केंद्रीय मंत्रिमंडल की कल होगी बैठक

    केंद्रीय मंत्रिमंडल की कल यानी बुधवार को बैठक होगी। यह बैठक दोपहर 1 बजे होगी।

  • 01:39 PM, 19 Jul 2022

    कल्लाकुरिची स्कूल पहुंची फोरेंसिंक टीम

    फोरेंसिक टीम मंगलवार को तमिलनाडु के कल्लाकुरिची के उस स्कूल में पहुंची, जहां 17 जुलाई को 12वीं कक्षा की एक छात्रा की मौत को लेकर हिंसा भड़क उठी थी।

  • 01:28 PM, 19 Jul 2022

    पीटी ऊषा ने जेपी नड्डा से की मुलाकात

    नव मनोनीत राज्यसभा सांसद पूर्व ओलंपिक ट्रैक एंड फील्ड एथलीट पीटी उषा ने दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की।

  • 01:26 PM, 19 Jul 2022

    गुजरात के उकाई बांध से छोड़ा गया एक लाख 90 हजार क्यूसेक पानी

    गुजरात में भारी बारिश के बीच तापी नदी पर बने उकाई बांध से 1,90,000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया।

  • 01:15 PM, 19 Jul 2022

    पाकिस्तान में मिले Covid​​​​-19 के 459 नए केस

    पाकिस्तान में पिछले 24 घंटों में Covid​​​​-19 के 459 नए मामले सामने आए हैं। देश के राष्ट्रीय स्वास्थ्य संस्थान द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, नए मामलों के मिलने के बाद संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 1,547,203 हो गई है।

  • 01:08 PM, 19 Jul 2022

    नदी के तेज बहाव में बह गई बस

    उत्तराखंड में भारी बारिश की वजह से टनकपुर में एक स्कूल बस पानी के तेज बहाव में बह गई।

  • 01:06 PM, 19 Jul 2022

    यूजीसी सचिव रजनीश जैन ने छात्रों को किया आगाह

    यूजीसी सचिव रजनीश जैन ने छात्रों को डिजिटल यूनिवर्सिटी ऑफ स्किल रिसर्जेंस में प्रवेश लेने के प्रति आगाह किया है। उन्होंने कहा कि डिजिटल यूनिवर्सिटी ऑफ स्किल रिसर्जेंस को न तो विश्वविद्यालयों की सूची में सूचीबद्ध किया गया है और न ही इसे कोई डिग्री देने का अधिकार है।

  • 12:58 PM, 19 Jul 2022

    घटनास्थल पर पहुंची फोरेंसिक टीम

    तमिलनाडु के कल्लाकुरिची के स्कूल में जहां हिंसा भड़की थी। वहां पर आज फोरेंसिक की टीम पहुंची है।

  • 12:47 PM, 19 Jul 2022

    विपक्ष के आरोपों पर राजनाथ सिंह ने किया पलटवार

    अग्निपथ योजना पर विवाद फिर से तूल पकड़ने लगा है। विपक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि अग्निपथ योजना के लिए जाति और धर्म प्रमाण पत्र मांगे जा रहे हैं, ये सिर्फ एक अफवाह है। आजादी के पहले से चली आ रही पुरानी व्यवस्था चल रही है। कोई बदलाव नहीं किया गया है। पुरानी व्यवस्था को जारी रखा जा रहा है।

  • 12:44 PM, 19 Jul 2022

    रेड अलर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का बयान

    भारी बारिश को लेकर उत्तराखंड में जारी किए गए रेड अलर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बयान दिया। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन के अधिकारी, शासन के अधिकारी, जिलाधिकारी लगे हुए हैं। सड़क खोलने के लिए जेसीबी तैयार है, हमारी दो हेलीकॉप्टर भी तैयार है वो भी समय-समय पर राहत पहुंचाने का काम करेंगे।

  • 12:21 PM, 19 Jul 2022

    सीएम योगी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता की।

  • 12:17 PM, 19 Jul 2022

    गृह मंत्री अमित शाह करेंगे समीक्षा बैठक

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज संसद भवन में केंद्रीय पुलिस प्रशिक्षण संस्थानों की समीक्षा बैठक करेंगे।

  • 12:15 PM, 19 Jul 2022

    विपक्ष की उपराष्ट्रपति उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा ने किया नामांकन

    विपक्ष की उपराष्ट्रपति उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा ने अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे, NCP प्रमुख शरद पवार और अन्य विपक्षी नेता भी मौजूद रहे।

  • 11:47 AM, 19 Jul 2022

    लापता हुए मजदूरों पर भाजपा सांसद तापिर गाओ का बयान

    भाजपा सांसद तापिर गाओ ने कहा कि सड़क परियोजना बीआरओ के अधीन है। मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि भारत-चीन सीमा दामिन कुरुंग कुमे से बहुत दूर है, इसलिए यह अरुणाचल प्रदेश के भीतर है। पुलिस और सरकार इस बारे में विस्तृत जानकारी स्थापित करने की कोशिश कर रही है कि कितना सच है। वे बीआरओ के मजदूर थे। आम तौर पर असम और देश के अन्य हिस्सों के मजदूर पहाड़ी क्षेत्रों में रहने के आदी नहीं होते हैं, इसलिए वे 19 मजदूर भाग गए होंगे, लेकिन 1 शव मिला है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह उस समूह का है या अलग मामला है।

  • 11:37 AM, 19 Jul 2022

    नामांकन दाखिल करेंगी मार्गरेट अल्वा

    विपक्ष की उपराष्ट्रपति पद की उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा अपना नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए संसद पहुंचीं।

  • 11:33 AM, 19 Jul 2022

    अग्निपथ योजना पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला

    अग्निपथ योजना पर सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा फैसला दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने सभी मामलों को दिल्ली हाई कोर्ट ट्रांसफर कर दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने अग्निपथ योजना को चुनौती देने वाली विभिन्न याचिकाओं को दिल्ली उच्च न्यायालय में स्थानांतरित किया है। कोर्ट ने रजिस्ट्रार जनरल को इन मामलों को दिल्ली एचसी को स्थानांतरित करने का निर्देश दिया है।

  • 11:19 AM, 19 Jul 2022

    जनता को सुरक्षा और सुशासन देना हमारी ड्यूटी- सीएम शिवराज

    चाय पर चर्चा कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जनता को सुरक्षा और सुशासन देना हमारी ड्यूटी है और मैं इस पर एक हफ्ते के बाद रिपोर्ट मांगूंगा। जिसमें ये जानकारी होगी कि इस पर कार्रवाई हुई कि नहीं। जिन गरीबों को राशन वास्तव में नहीं मिलता उनका नाम राशन की सूची में जोड़ा जाएगा।

  • 11:12 AM, 19 Jul 2022

    लखनऊ के लुलु मॉल विवाद पर सीएम योगी सख्त

    लखनऊ के लुलु मॉल विवाद पर CM योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों ने सख्त निर्देश दिए हैं। सीएम ने कहा कि लखनऊ में एक मॉल खुला है, उसे लेकर अनावश्यक बयानबाजी, सड़कों पर प्रदर्शन करके आवागमन को बाधित करना और अराजकता पैदा करने का जो प्रयास हो रहा है, उसे लखनऊ प्रशासन को बहुत गंभीरता से लेना चाहिए और सख्ती से तथ्यों के साथ निपटना चाहिए।

  • 11:05 AM, 19 Jul 2022

    छात्रा की माता-पिता की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट कल करेगा सुनवाई

    सुप्रीम कोर्ट कल्लाकुरिची में हुई छात्रा की मौत के मामले में माता-पिता की उस याचिका पर कल सुनवाई के लिए राजी हो गया है। जिसमें उसके माता-पिता ने दोबारा पोस्टमार्टम करने वाली टीम में अपनी पसंद के चिकित्सा विशेषज्ञ को शामिल करने की मांग की थी।

  • 10:53 AM, 19 Jul 2022

    कैबिनेट मंत्रियों से मिलेंगे पीएम मोदी

    संसद में सरकार की रणनीति पर चर्चा करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने शीर्ष मंत्रियों से मुलाकात करेंगे।

  • 10:29 AM, 19 Jul 2022

    संजय राउत ने साधा सीएम एकनाथ शिंदे पर निशाना

    महाराष्ट्र के CM के दिल्ली दौरे पर शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि महाराष्ट्र में बाढ़ की स्थिति गंभीर है, लोगों की मृत्यु हो रही है। लेकिन CM दिल्ली में महाराष्ट्र की सरकार बचाने के लिए आए हैं, वे चुनाव आयोग जाएंगे और भी कहीं जाएंगे। वे अब BJP के CM हैं वे शिवसेना के CM नहीं हैँ।

  • 10:28 AM, 19 Jul 2022

    संसद भवन लाई गई राष्ट्रपति चुनाव की मतदान मतपेटियां

    राष्ट्रपति चुनाव की मतदान मतपेटियां पुडुचेरी से संसद भवन लाई गईं।

  • 10:27 AM, 19 Jul 2022

    महाराष्ट्र के चंद्रपुर में बाढ़ से हालात बेकाबू

    महाराष्ट्र के चंद्रपुर में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है, जिससे लोगों का सामान्य जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बता दें कि महाराष्ट्र में भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति के कारण अब तक 105 लोगों की मृत्यु हो चुकी है।

  • 10:24 AM, 19 Jul 2022

    राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव लड़ेंगे तीन प्रत्याशी

    श्रीलंका के डेली मिरर की रिपोर्ट के अनुसार, संसद ने बताया कि सांसद रानिल विक्रमसिंघे, दुल्लास अल्हापेरुमा और अनुरा कुमारा दिसानायके कल चुनाव में राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव लड़ेंगे।

  • 10:08 AM, 19 Jul 2022

    कल्लाकुरिची अस्पताल के बाहर भारी पुलिस बल तैनात

    तमिलनाडु के मद्रास उच्च न्यायालय ने छात्रा की दूसरी ऑटोप्सी का आदेश दिया है, जिसकी मृत्यु आत्महत्या के कारण हुई थी। कल्लाकुरिची अस्पताल के बाहर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।

  • 10:00 AM, 19 Jul 2022

    श्रीलंका के सांसद साजिथ प्रेमदासा का एलान

    श्रीलंका के सांसद साजिथ प्रेमदासा ने राष्ट्रपति पद के लिए अपनी उम्मीदवारी से नाम वापस लेने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि मैं राष्ट्रपति पद के लिए अपनी उम्मीदवारी वापस लेता हूं।

  • 09:54 AM, 19 Jul 2022

    RBI की बड़ी कार्रवाई

    आरबीआई ने मुंबई के रायगढ़ सहकारी बैंक लिमिटेड पर प्रतिबंध लगा दिया है। जिसमें प्रत्येक जमाकर्ता के लिए 15,000 रुपये की निकासी सीमा शामिल है। बैंक कोई ऋण/अग्रिम अनुदान या नवीनीकरण नहीं कर सकता है, कोई निवेश नहीं कर सकता है, धन उधार लेने और नई जमा की स्वीकृति आदि सहित कोई देयता नहीं ले सकता है।

  • 09:52 AM, 19 Jul 2022

    केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल का बयान

    भारत-अफ्रीका विकास साझेदारी पर केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने सीआईआई-एक्जिम बैंक कॉन्क्लेव में कहा कि भारत सौर ऊर्जा सहित 4 प्रमुख क्षेत्रों में अफ्रीका के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए दोस्ती की अपनी पेशकश का विस्तार करना चाहता है।

  • 09:51 AM, 19 Jul 2022

    अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच रुपया

    देश में रुपया अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया है। आज अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 80 पर पहुंचा है।

  • 09:42 AM, 19 Jul 2022

    COVID-19 के 15,528 नए केस मिले

    भारत में आज COVID-19 के 15,528 नए मामले दर्ज किए गए हैं। देश में सक्रिय मामले 1,43,654 हो गए हैं।

  • 09:34 AM, 19 Jul 2022

    कोलकाता से नई दिल्ली लाई जा रही मतपेटी

    पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति चुनाव की मतदान मतपेटी को एयर इंडिया की फ्लाइट द्वारा कोलकाता से नई दिल्ली के लिए ले जाया जा रहा है।

  • 09:23 AM, 19 Jul 2022

    उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए आज नामांकन दाखिल करेंगी मार्गरेट अल्वा

    उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए विपक्षी उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा मंगलवार को उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगी। इससे पहले सोमवार को NDA के उपराष्ट्रपति उम्मीदवार जगदीप धनखड़ ने नामांकन किया था।

  • 09:12 AM, 19 Jul 2022

    केरल युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष होंगे पुलिस आयुक्त के सामने पेश

    सीएम पिनाराई विजयन के खिलाफ एक फ्लाइट के अंदर विरोध के सिलसिले में केरल युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष केएस सबरीनाथन आज सुबह 10 बजे सहायक पुलिस आयुक्त संघमुघम के सामने पेश होंगे।

  • 08:59 AM, 19 Jul 2022

    छात्रा की मौत मामले में कार्रवाई

    तमिलनाडु के कल्लाकुरिची में 17 वर्षीय स्कूली छात्रा की मौत के मामले में स्कूल सचिव, प्रधानाचार्य, स्कूल प्रवक्ता और 2 शिक्षकों को 15 दिन के रिमांड पर भेजा गया है।

  • 08:57 AM, 19 Jul 2022

    कांग्रेस सांसद मनिकम टैगोर ने दिया लोकसभा में नोटिस

    संसद के मानसून सत्र का आज दूसरा दिन है। कांग्रेस सांसद मनिकम टैगोर ने कुछ आवश्यक वस्तुओं पर 5% जीएसटी लगाने के मुद्दे पर लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव नोटिस दिया है।

  • 08:53 AM, 19 Jul 2022

    मैट्रिक निदेशालय ने 987 निजी स्कूलों को नोटिस भेजा

    तमिलनाडु के कल्लाकुरिची में कक्षा 12वीं की छात्रा के मौत के मामले में सरकार की सलाह के खिलाफ स्कूल बंद करने पर मैट्रिक निदेशालय ने 987 निजी स्कूलों को नोटिस भेजकर उनसे स्पष्टीकरण मांगा है।

  • 08:45 AM, 19 Jul 2022

    हिमाचल प्रदेश के किन्नौर में फटा बादल

    हिमाचल प्रदेश के किन्नौर में बादल फटने की घटना सामने आई है। डीईओसी किन्नौर के मुताबिक, हनरंग उप-तहसील के शालखर गांव में ये बादल फटा है। कुछ वाहन दब गए हैं और कुछ घरों को नुकसान भी हुआ है।

  • 08:19 AM, 19 Jul 2022

    बिहार के पांच जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट

    Bihar Weather Today: प्रदेश में सोमवार से मौसम के मिजाज में बदलाव आया है। दक्षिण पश्चिम मानसून उत्तर बिहार में सोमवार से सक्रिय होने के बाद मंगलवार को अपना असर डालेगा। वहीं बुधवार को पटना समेत दक्षिण भागों में मानसून का प्रभाव बने होने से वर्षा की गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मंगलवार को उत्तर बिहार के पांच जिलों के पूर्वी व पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, अररिया एवं किशनगंज जिले में मेघ गर्जन, बिजली चमकने के साथ भारी वर्षा का पूर्वानुमान है।

     

  • 08:08 AM, 19 Jul 2022

    भाजपा सांसद किरोड़ी लाल मीणा को मिला धमकी भरा पत्र

    भाजपा सांसद किरोड़ी लाल मीणा ने बताया कि मुझे 9 जुलाई को एक धमकी भरा पत्र मिला है। जिसमें मुझे कन्हैया लाल के घर जाने की धमकी दी गई थी। अपराधियों का हौसला बढ़ाया जाता है, क्योंकि राज्य सरकार उनके खिलाफ सख्त नहीं है। मैंने सीएम को पत्र भेजा है, जांच शुरू होनी चाहिए। मैं किसी से नहीं डरूंगा।

  • 08:06 AM, 19 Jul 2022

    पुणे में इलेक्ट्रिक बाइक शोरूम में लगी आग

    महाराष्ट्र के पुणे शहर के गंगाधाम इलाके में कल रात एक इलेक्ट्रिक बाइक शोरूम में आग लग गई। जिसमें लगभग 7 बाइक क्षतिग्रस्त हो गई, कोई हताहत नहीं हुआ है।

  • 08:03 AM, 19 Jul 2022

    मिजोरम में मिले COVID-19 के 280 नए केस

    मिज़ोरम में COVID-19 के 280 नए मामले आए हैं और कोरोना से किसी भी व्यक्ति की मृत्यु नहीं हुई।

  • 08:02 AM, 19 Jul 2022

    चीन बॉर्डर पर सड़क निर्माण में लगे 19 मजदूर लापता, एक की मौत

    भारत-चीन सीमा पर अरुणाचल प्रदेश के कुरुंग कुमे जिले में 1 मजदूर की मौत हो गई है, जबकि 18 अन्य मजदूर लापता हैं। बता दें कि सभी मजदूर एक सड़क परियोजना के निर्माण कार्य में लगे हुए थे। 5 जुलाई के बाद से लापता हुए 19 मजदूरों में से ज्यादातर असम के थे।

  • 07:59 AM, 19 Jul 2022

    अंसल बंधुओं की सजा पर होगी बहस

    उपहार अग्निकांड में सबूतों से छेड़छाड़ करने के मामले में दोषी करार दिए गए अंसल बंधुओं की सजा पर आज बहस होगी। पटियाला हाउस कोर्ट ने सोमवार को मजिस्ट्रेट कोर्ट के फैसले को सही करार देते हुए सजा पर बहस के लिए 19 जुलाई की तिथि निर्धारित की है। 13 जून 1997 को उपहार सिनेमा में आग लगने के कारण 59 लोगों की मृत्यु हो गई थी।

  • 07:58 AM, 19 Jul 2022

    मुंबई से दिल्ली भेजी राष्ट्रपति चुनाव की मतपेटी

    राष्ट्रपति चुनाव की मतपेटी मुंबई से दिल्ली के लिए देर रात स्थानांतरित की गई है। राष्ट्रपति चुनाव के नतीजे 21 जुलाई को घोषित होंगे और 25 जुलाई को नए राष्ट्रपति शपथ ग्रहण करेंगे।

  • 07:57 AM, 19 Jul 2022

    श्रीलंका संकट पर सर्वदलीय बैठक

    श्रीलंका में चल रहे आर्थिक संकट पर आज सर्वदलीय बैठक होगी। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण सभी दलों के नेताओं को श्रीलंका संकट पर जानकारी देंगी। श्रीलंका में पेट्रोलियम पदार्थों समेत अन्य वस्तुओं की भारी किल्लत है। भारत ने श्रीलंका को खाद्यान्न, दवाओं सहित अन्य जरूरी वस्तुओं की मदद भेजी है।