News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

Delhi : जल संकट को लेकर BJP का हल्ला बोल, ITO पर रोके गए प्रदर्शनकारी; कई नेता हिरासत में


, नई दिल्ली। दिल्ली में जल संकट को लेकर भाजपा ने अरविंद केजरीवाल सरकार के विरोध में प्रदर्शन किया। शहीदी पार्क से नारेबाजी करते हुए दिल्ली सचिवालय की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने आईटीओ मेट्रो स्टेशन से पहले ही रोक दिया। दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा सहित कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया, बाद में उन्हें चेतावनी देकर रिहा कर दिया गया।

 

सचदेवा ने कहा कि कार्यकर्ताओं को यह समझने की जरूरत है कि दिल्ली में पानी की समस्या केजरीवाल सरकार द्वारा उत्पन्न की गई है। वर्ष 2014 से पहले वजीराबाद जलाशय का जल स्तर 674.5 फीट बनाए रखने के लिए पहले मुनक नहर से पानी आता था। पानी बर्बाद न हो इसके लिए वर्ष 2014 में हरियाणा सरकार ने कैरियर लाइन चैनल का निर्माण किया। इसे दिल्ली के दो बड़े पाइप लाइन से जोड़ा गया। इसी माध्यम से हरियाणा से 1049 क्यूसेक पानी दिल्ली को मिलता है। इस समय भी इतना पानी मिल रहा है।

2021 में भी दिल्ली सरकार सुप्रीम कोर्ट गई

उन्होंने कहा वर्ष 2021 में भी दिल्ली सरकार सुप्रीम कोर्ट गई थी। सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली सरकार को फटकार लगाते हुए कहा था कि उसे पूरा पानी मिल रहा है और वह बर्बादी रोके। उन्होंने कहा आम आदमी पार्टी के विधायक टैंकर माफिया के साथ मिलकर पानी बेचते हैं। कागजों पर टैंकर चलाकर फर्जी भुगतान किया जाता है। यही कारण है कि लाभ में रहने वाला दिल्ली जल बोर्ड अब 80 हजार करोड़ रुपये कर्ज में है।

भ्रष्टाचार के कारण दिल्ली में पानी की समस्या

प्रदेश भाजपा के महामंत्री योगेंद्र चांदोलिया ने कहा कि भ्रष्टाचार के कारण दिल्ली में पानी की समस्या हुई है। इसकी सीबीआइ जांच होनी चाहिए। प्रदेश मंत्री बांसुरी स्वराज ने कहा प्रचंड गर्मी में दिल्ली के लोग पानी के लिए त्राहि-त्राहि कर रहे हैं। वर्ष 2013 में छह सौ करोड़ रुपये के लाभ में रहने वाला दिल्ली बोर्ड अब 73 हजार करोड़ रुपये के घाटे में है। यह भ्रष्टाचार करने वाली सरकार है। यह टैंकर माफिया को संरक्षण देने वाली सरकार है।