News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

HP Election: योगी बोले, UP में कांग्रेस के खाते में मात्र 2 सीटें, राम नाम सत्‍य के लिए भी 4 चाहिएं


टकोली (मंडी), ,  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सिंह ने कहा कांग्रेस का हाथ सदा माफिया के साथ रहा है। 55 साल में देश में माफिया समृद्ध होता गया। आतंकवाद, अलगाववाद व नक्सलवाद की जड़ें विकसित होने से आम आदमी की मुश्किल बढ़ती गई। राम मंदिर हो या फिर अनुच्छेद 370 कांग्रेस ने समाधान की ओर कोई ध्यान नहीं दिया। भाजपा ने राममंदिर का निर्माण कर व अनुच्छेद 370 समाप्त कर दिखाया है। योगी ने सोमवार को मंडी जिले के द्रंग विधानसभा क्षेत्र के टकाेली में भाजपा प्रत्याशी पूर्ण चंद ठाकुर के पक्ष में चुनावी रैली कर उन्हें भारी मतों से जिताने की अपील की।

देश से आतंकवाद व अलगाववाद समाप्‍त

योगी ने कहा कि आज देश में आतंकवाद व अलगाववाद समाप्त हो चुका है। नक्सलवाद अंतिम सांसें गिन रहा है। मोदी सरकार के सशक्त नेतृत्व में देश की सीमा सुरक्षित हुई हैं। देवभूमि हिमाचल के रणबांकुरे जब सीमा पर लड़ते हैं तो दुश्मन के छक्के छूटते हैं। आजादी के बाद किसी मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश में अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा किया है और जनता ने दोबारा चुनकर भेजा है।

403 में से दो ही सीटें

पांच साल में उत्तर प्रदेश में एक दंगा नहीं हुआ। 2012 से 2016 तक 700 छोटे बड़े दंगे हुए थे। आज उत्तर प्रदेश में कानून का राज है। हर व्यक्ति की सुरक्षा की गारंटी है। कोई मां बहन की ओर आंख उठाकर नहीं देख सकता। कांग्रेस को वहां की जनता ने पूरी तरह नकार दिया। 403 से मात्र दो सीटें मिली थी। राम नाम सत्य के लिए भी चार चाहिए।

माफ‍िया का पूरी तरह से सफाया

माफिया का पूरी तरह सफाया हो गया। भवनों से लाउडस्पीकर उतर गए। हिमाचल विकास की नई यात्रा की ओर बढ़ा है। इस यात्रा के साक्षी बनना सबकी जिम्मेदारी बनती है। उत्तर प्रदेश की तरह हिमाचल में भी बदलाव दिखाई देगा। प्रदेश के विकास के लिए डबल इंजन की सरकार जरूरी है। दुनिया भर में देश का मान सम्मान बढ़ा है। कल तक आंख दिखाने वाले देश अब नजरें चुराते हैं। 12 नवंबर को हर मतदान केंद्र पर केबल कमल ही कमल का फूल होना चाहिए।